चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

चम्पावत के 5 प्रमुख स्थलों पर बनेंगे आधुनिक शौचालय, 1.86 करोड़ रुपये की मिली मंजूरी

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। पर्यटन सुविधाओं के विस्तार और पर्यटकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में चंपावत जिले को बड़ी सौगात मिली है। जनपद के पांच प्रमुख पर्यटन एवं सार्वजनिक स्थलों पर स्थायी शौचालयों के निर्माण और उच्चीकरण के लिए 1.86 करोड़ रुपये की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में इसके सापेक्ष 92.98 लाख रुपये की धनराशि अवमुक्त भी कर दी गई है।

यह पहल मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों और उनके ‘आदर्श चंपावत’ की परिकल्पना के अनुरूप पर्यटन स्थलों पर सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Ad Ad

पांच स्थानों पर होंगे निर्माण और उच्चीकरण कार्य

जिला पर्यटन विकास अधिकारी लता बिष्ट ने बताया कि स्वीकृत धनराशि से जिले के पांच प्रमुख स्थानों पर शौचालयों का निर्माण और उच्चीकरण किया जाएगा।

  • छतार पुल, चम्पावत: 05 सीट सुलभ शौचालय के निर्माण के लिए 47.10 लाख रुपये
  • रीठा साहिब: 08 सीट सुलभ शौचालय के निर्माण के लिए 50.50 लाख रुपये
  • पंचेश्वर रोड, लोहाघाट: 08 सीट सुलभ शौचालय के उच्चीकरण के लिए 30.08 लाख रुपये
  • पाटी, राज्य मार्ग संख्या-10 के समीप: 08 सीट सुलभ शौचालय के उच्चीकरण के लिए 30.34 लाख रुपये
  • लोहाघाट बस स्टैंड: 06 सीट शौचालयों के उच्चीकरण के लिए 27.94 लाख रुपये

इन पांचों कार्यों के लिए कुल 185.96 लाख रुपये यानी 1 करोड़ 85 लाख 96 हजार रुपये की स्वीकृति दी गई है।

पर्यटकों और स्थानीय लोगों को मिलेगी सुविधा

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री के ‘आदर्श चंपावत’ की परिकल्पना के अनुरूप जिले में पर्यटन सहित सभी क्षेत्रों की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्थायी शौचालयों के निर्माण और मौजूदा सुविधाओं के उच्चीकरण से प्रमुख पर्यटन स्थलों पर स्वच्छता, सुविधा और आकर्षण बढ़ेगा। इससे यहां पहुंचने वाले पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिलेगा, साथ ही स्थानीय लोगों को भी रोजमर्रा की जरूरतों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

पर्यटन गतिविधियों को भी मिलेगा बढ़ावा

जिला पर्यटन विकास अधिकारी ने कहा कि इन कार्यों से जिले के प्रमुख पर्यटन और सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता एवं यात्री सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा। उन्होंने कहा कि पर्यटन स्थलों पर बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध होने से पर्यटकों की सुविधा बढ़ने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर पर्यटन गतिविधियों और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिलेगा।