चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

चम्पावत में पतंजलि योग समिति की मासिक बैठक संपन्न, मुड़ियानी में मनाया जाएगा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। भारत स्वाभिमान न्यास और पतंजलि योग समिति जिला इकाई चम्पावत की एक महत्वपूर्ण मासिक बैठक कुर्मांचल एंग्लो संस्कृत विद्यालय चम्पावत में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता हरिद्वार से आए प्रान्त सहयोग प्रभारी प्रताप सिंह बसेड़ा ने की। बैठक का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ किया गया, जिसके बाद भारत स्वाभिमान मंच चम्पावत के जिला प्रभारी श्री लोकमणि पंत ने मुख्य अतिथि और उपस्थित सभी योग साधकों का स्वागत और अभिनंदन किया।

बैठक में संगठन की मजबूती, आगामी कार्यक्रमों और व्यवस्था परिवर्तन को लेकर गहन विचार-विमर्श हुआ। जिला कार्यकारिणी सदस्यों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि प्रताप सिंह बसेड़ा ने पतंजलि योग समिति और भारत स्वाभिमान के कार्यक्षेत्रों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने प्रत्येक घर तक योग को पहुंचाने और व्यवस्था परिवर्तन की मुहिम में दोनों संगठनों की भागीदारी को रेखांकित किया। बैठक में कुमाऊं क्षेत्र में पतंजलि के कार्यक्रमों के प्रचार-प्रसार में श्री बसेड़ा के अभूतपूर्व योगदान की भी सराहना की गई। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस हमारे संगठन के लिए एक ऐतिहासिक और गौरवशाली दिन है, क्योंकि योग को वैश्विक पटल पर स्थापित करने का वास्तविक श्रेय श्रद्धेय स्वामी रामदेव जी को जाता है। इस अवसर पर सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य कार्यक्रम आयुष विभाग से अलग, पतंजलि योग समिति द्वारा भव्य रूप में जनता इंटर कॉलेज (मा०वि०) मुड़ियानी में आयोजित किया जाएगा। बैठक में संगठन के लक्ष्यों, मुख्यालय से प्राप्त निर्देशों, वित्तीय समीक्षा और जिला पदाधिकारियों की प्रवास रिपोर्ट पर भी सामूहिक चर्चा की गई। बैठक में जिला प्रभारी मनोहर सिंह क्वैराली, डॉ० भुवन चन्द्र जोशी, जनार्दन चिल्कोटी, रमेश चन्द्र पुलेठा, मोहन गिरी, अनिल तिवारी, बल्लभ सिंह धामी और चन्द्र प्रकाश पुनेठा सहित अनेक पदाधिकारी व योग साधक उपस्थित रहे।

Ad Ad
Ad Ad