सैन्य सम्मान के साथ शहीद लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी का अंतिम संस्कार, सैकड़ों लोगों की आंखें हुईं नम
अल्मोड़ा। जम्मू कश्मीर के राजौरी में काउंटर-टेररिज्म ऑपरेशन के दौरान शहीद लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी का अल्मोड़ा में अपने पैतृक गांव में सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। दोपहर बाद सेना के जवान शहीद का पार्थिव शरीर लेकर उनके गांव पांडेखोला पहुंचे। जहां सैकड़ों की संख्या में गांववासी मौजूद रहे. इस दौरान माहौल गमगीन हो गया।

शहीद लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी का पार्थिव शरीर सेना के हेलीकॉप्टर के जरिए अल्मोड़ा लाया गया. जहां प्रशासन, सेना के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों समेत बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान पूरा माहौल गमगीन हो गया। इसके बाद पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए विश्वनाथ घाट ले जाया गया।


विश्वनाथ घाट पर आयोजित अंतिम संस्कार कार्यक्रम में भारतीय सेना ने शस्त्र झुकाकर एवं गार्ड ऑफ ऑनर देकर शहीद अधिकारी को अंतिम सलामी दी। सैन्य परंपराओं के अनुरूप पूरे सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर घोड़के, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र एवं सैन्य अधिकारियों ने शहीद के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
शहीद गोस्वामी का परिवार पांडेखोला से लगे अथरबनी ग्राम पंचायत में रहता है। जोकि मूल रूप से बाड़ी बग्वालीपोखर सोमेश्वर के रहने वाले थे। शहीद वीरेश्वर वर्तमान में 5 असम रेजिमेंट में तैनात थे। उनकी उम्र अभी केवल 25 साल थी। उनकी कक्षा 6 से 8 तक की शिक्षा आर्मी स्कूल रानीखेत तथा कक्षा 9 से 12 तक सैनिक स्कूल घोड़ाखाल में हई। ग्राफिक एरा विवि से स्नातक की डिग्री हासिल की थी। जहां वह रजत पदक विजेता रहे थे। वह एनडीए में सफल रहने के अलावा उनका चयन कैट एनएलयू तथा इंग्लैंड के एक विवि के लिए भी हुआ था। लेकिन उन्होंने सेना को चुना और 2023 में सेना में शामिल हुए थे। जून 2024 में उन्हें कमीशन प्राप्त हुआ था। दो दिन बाद उनका कैप्टन पद पर पदोन्नति होनी तय थी। उनके पिता प्रमोद नाथ गोस्वामी भनोली तहसील में मुख्य प्रशासनिक अधिकारी हैं जबकि माता सरस्वती गोस्वामी प्राथमिक विद्यालय वलसा में प्रधानाध्यापिका हैं। बड़ा भाई अमित गोस्वामी हैं।
इधर सेना के अधिकारी व जवान उनके पार्थिव शरीर को लेकर रविवार यहां उनके घर पहुंचे। इसके बाद विश्वनाथ श्मशानघाट में उनका पूरे सैनिक सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनके भाई अमित ने चिता को मुखाग्नि दी। निधन पर केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा विधायक मनोज तिवारी, पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज, ग्राम प्रधान विनोद जोशी, डीएम अंशुल सिंह व एसएसपी चंद्रशेखर घोडके डीजीसी पूरन कैड़ा सहित बड़ी तादात में लोगों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। कहा है कि शहीद बीरेश्वर गोस्वामी की शहादत को देश हमेशा याद रखेगा।

