चंपावतटनकपुरनवीनतम

हरेला पर्व पर कुमाऊनी महिला क्लब ने किया वृहद वृक्षारोपण, लोक संस्कृति संरक्षण का लिया संकल्प

ख़बर शेयर करें -

टनकपुर/चम्पावत। हरेला पर्व के अवसर पर गुरुवार को कुमाऊनी महिला क्लब की ओर से सुखीढांग एवं श्यामलाताल में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम क्लब की अध्यक्षा सुमन वर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुआ, जिसमें पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ उत्तराखंड की लोक संस्कृति के संरक्षण का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में संरक्षिका डॉ. प्रभा जोशी, गीता चंद, पार्वती खर्कवाल, सचिव पुष्पा मुरारी, कोषाध्यक्ष पूनम गड़कोटी, निर्मला ओली, ज्योत्सना खर्कवाल, कुसुम जोशी, अनीता नैथानी, राजेश्वरी सहित क्लब की अनेक महिला सदस्य उपस्थित रहीं। सभी ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया।

Ad Ad

इस अवसर पर महिलाओं ने अपने-अपने घरों से पारंपरिक व्यंजन तैयार कर कार्यक्रम में सहभागिता निभाई। क्लब की वरिष्ठ महिला सदस्यों ने सभी महिलाओं का सिर पूजन कर हरेला अर्पित किया तथा सुख-समृद्धि का आशीर्वाद दिया। इसके बाद सभी ने उत्तराखंड के पारंपरिक व्यंजनों—आलू के गुटके, चटनी, पूरी, पुए, बड़े, मिठाई, पकौड़े और चाय—का सामूहिक रूप से आनंद लिया। कार्यक्रम के समापन पर भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

क्लब की ओर से बताया गया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। “हमारी धरोहर, हमारा संकल्प” थीम के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का सामूहिक संकल्प भी लिया गया।