टनकपुर: पूरी रात गहरे गटर में फंसे सांड को फायर टीम ने सुरक्षित निकाला, स्थानीय लोगों ने की सराहना
टनकपुर/चम्पावत। ग्राम छीनीगोठ स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज के समीप गहरे गटर में गिरे एक सांड का गुरुवार को फायर स्टेशन टनकपुर की टीम ने सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला। समय पर किए गए इस मानवीय प्रयास की स्थानीय लोगों ने सराहना की।
जानकारी के अनुसार, 16 जुलाई 2026 को डीसीआर के माध्यम से सूचना मिली कि एक सांड गहरे गटर में गिर गया है। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन टनकपुर की रेस्क्यू टीम तत्काल मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर पहुंचने पर पता चला कि सांड संभवतः पूरी रात गटर में फंसा रहा था, जिससे वह अत्यधिक कमजोर हो चुका था। फायर कर्मियों ने बिना देर किए सुनियोजित रेस्क्यू अभियान शुरू किया। सांड को सुरक्षित तरीके से रस्सियों से बांधकर रोप रेस्क्यू तकनीक का इस्तेमाल किया गया। इसके बाद जेसीबी की सहायता से कड़ी मशक्कत के बाद उसे सकुशल गटर से बाहर निकाल लिया गया।



रेस्क्यू अभियान के सफल होने के बाद स्थानीय लोगों ने फायर स्टेशन टनकपुर की टीम और चम्पावत पुलिस की तत्परता एवं मानवीय संवेदनशीलता की सराहना की। रेस्क्यू अभियान में एलएफएम राजेन्द्र नाथ, डीवीआर राजू कुमार, फायरमैन विक्रम सिंह नेगी, फायरमैन विक्रम गिरी, फायरमैन तनोज सिंह, फायरमैन मोहम्मद सलीम शामिल रहे। यह अभियान एक बार फिर दर्शाता है कि आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों में फायर सर्विस केवल मानव जीवन ही नहीं, बल्कि बेजुबान पशुओं की रक्षा के लिए भी पूरी निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ कार्य करती है।

