उधमसिंह नगरक्राइमनवीनतम

हरेले के दिन विजिलेंस का बड़ा एक्शन: सिविल कोर्ट का नायब नाजिर को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी/बाजपुर: हरेला पर्व के दिन उत्तराखंड सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बाजपुर सिविल कोर्ट में तैनात नायब नाजिर ओम चौहान को ₹3,500 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी कोर्ट फीस के नाम पर शिकायतकर्ता से रिश्वत मांग रहा था।
शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके खिलाफ सिविल कोर्ट बाजपुर में एनआई एक्ट का मामला विचाराधीन है। दोनों पक्षों के बीच समझौता होने के बाद जब वह राजीनामा दाखिल करने कोर्ट पहुंचा, तब वहां तैनात नायब नाजिर ओम चौहान ने कोर्ट फीस के नाम पर ₹3,500 की रिश्वत की मांग की। शिकायतकर्ता रिश्वत देने के बजाय आरोपी को पकड़वाना चाहता था।


शिकायत की प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक, सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी के निर्देश पर निरीक्षक के नेतृत्व में ट्रैप टीम गठित की गई। गुरुवार 16 जुलाई 2026 को विजिलेंस टीम ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए सिविल जज (जूनियर डिवीजन) बाजपुर स्थित कार्यालय से आरोपी ओम चौहान को शिकायतकर्ता से ₹3,500 रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान ओम चौहान पुत्र स्व. वीरेंद्र सिंह, निवासी ग्राम निवाड़मुंडी, पोस्ट व थाना जसपुर, जनपद ऊधम सिंह नगर के रूप में हुई है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अग्रिम विवेचनात्मक कार्रवाई जारी है।

Ad Ad

ट्रैप टीम को मिलेगा नगद पुरस्कार

सतर्कता निदेशक डॉ. वी. मुरूगेशन ने सफल ट्रैप कार्रवाई करने वाली विजिलेंस टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। उन्होंने आम जनता से भ्रष्टाचार के खिलाफ आगे आने की अपील करते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति रिश्वत मांगने की शिकायत टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 या व्हाट्सएप हेल्पलाइन 9456592300 पर दर्ज करा सकता है। हरेला पर्व के दिन हुई इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ राज्य की बड़ी और सख्त कार्रवाई माना जा रहा है, जिससे सरकारी कार्यालयों में रिश्वतखोरी पर कड़ा संदेश गया है।