ऑपरेशन प्रहार: बनबसा पुलिस ने 24 घंटे में सुलझाई चोरी की गुत्थी, नेपाली युवक गिरफ्तार
बनबसा/चम्पावत। बनबसा पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए घर के आंगन से चोरी हुई मोटरसाइकिल को महज 24 घंटे के भीतर बरामद कर एक नेपाली नागरिक को गिरफ्तार कर लिया है।
बीते 28 मई 2026 को शिकायतकर्ता दिनेश कुमार गोयल ने थाना बनबसा में एक तहरीर दी थी। इसमें उन्होंने बताया था कि किसी अज्ञात चोर ने उनके घर के आंगन से आसमानी नीले रंग की टीवीएस रेडियॉन (TVS Radeon) मोटरसाइकिल (संख्या- UK06BF-4059) चोरी कर ली है। पीड़ित की तहरीर के आधार पर बनबसा थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया था। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चम्पावत रेखा यादव ने घटना का तत्काल संज्ञान लिया और थानाध्यक्ष बनबसा को चोरी का जल्द खुलासा करने व आरोपी की गिरफ्तारी के सख्त निर्देश दिए।
एसपी के आदेश पर हरकत में आई बनबसा पुलिस टीम ने लगातार सुरागरसी-पतारसी की और संदिग्धों से पूछताछ शुरू की। इसी बीच 29 मई 2026 को पुलिस को एक अहम सुराग मिला। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम लाटाखल्ला से नेपाल जाने वाले कच्चे जंगल मार्ग पर चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को रोका, जिसके पास से चोरी की गई वही मोटरसाइकिल बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी की पहचान 22 वर्षीय मिन ठगुन्ना पुत्र कृष्णा बहादुर ठगुन्ना के रूप में हुई, जो वेदकोट नगरपालिका-10 ससैया, महेंद्रनगर, कंचनपुर (नेपाल) का रहने वाला है। मोटरसाइकिल बरामद होने के बाद पुलिस ने मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया गया है। इस त्वरित और सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह कोरंगा, उपनिरीक्षक निर्मल सिंह लटवाल, सहायक उपनिरीक्षक धीरेंद्र सिंह, कांस्टेबल पंकज सजवान और होमगार्ड सूरज चंद शामिल रहे।

