उत्तराखंड में भीषण सड़क हादसा, गहरी खाई में गिरा वाहन, 3 लोगों की मौके पर दर्दनाक मौत
वाहन में छह लोग सवार बताए जा रहे हैं, वहीं सभी ग्रामीण बांक गांव के रहने वाले बताए जा रहें हैं
उत्तराखंड में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। आए दिन सड़क हादसों में लोग जान गंवा रहे हैं। अब चमोली जिले में बड़ा हादसा हुआ है। देवाल विकासखंड के दूरस्थ ल्वाणी गांव के पास शनिवार सुबह हुए इस दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया। यहां एक कार गहरी खाई में गिर गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, वहीं घटना में तीन लोग घायल हो गए।
हादसा इतना भयावह था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई और परिजनों की आंखों में अपनों को खोने का दर्द साफ दिखाई दिया। बताया जा रहा है कि वाहन देर रात देहरादून से लोहाजंग के लिए निकला था, जो ल्वाणी गांव के पास अचानक अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। वाहन में छह लोग सवार बताए जा रहे हैं, वहीं सभी ग्रामीण बांक गांव के रहने वाले बताए जा रहें हैं। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन को जानकारी दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस और DDRF की टीम ने तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया। दुर्घटना में तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवाल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। थराली थानाध्यक्ष विनोद चौरसिया ने जानकारी देते हुए बताया कि हादसा शनिवार सुबह तड़के हुआ। वाहन देहरादून से लोहाजंग की ओर जा रहा था। दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि तीन घायलों में से दो की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं क्षेत्रीय विधायक भूपाल राम टम्टा ने बताया कि गंभीर घायलों की स्थिति को देखते हुए सुबह ही सीएमओ चमोली से वार्ता की गई है। घायलों को बेहतर उपचार के लिए एयर एंबुलेंस के माध्यम से जल्द हायर सेंटर भेजने की तैयारी की जा रही है, ताकि समय पर उचित इलाज मिल सके।

