रुद्रपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में पीएसी जवान की मौत, करंट लगने के बाद पोल से गिरने की आशंका
रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर जिले के बगवाड़ा क्षेत्र स्थित ग्रीन व्यू कॉलोनी में 31वीं वाहिनी पीएसी के जवान धर्मेंद्र सिंह रावत (36) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया, जबकि पीएसी वाहिनी में भी शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार धर्मेंद्र सिंह रावत पुत्र लाल सिंह 31वीं वाहिनी पीएसी में तैनात थे और अपने परिवार के साथ ग्रीन व्यू कॉलोनी में रहते थे। मंगलवार को ड्यूटी समाप्त कर घर लौटने के बाद उन्हें बिजली आपूर्ति में तकनीकी खराबी की जानकारी मिली। बताया जा रहा है कि वह समस्या दूर करने के लिए बिजली के पोल पर चढ़ गए। इसी दौरान उन्हें करंट लगने की आशंका है, जिससे उनका संतुलन बिगड़ गया और वह पोल से नीचे गिर पड़े।

पोल से गिरने के कारण उनके सिर में गंभीर चोट आई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों और परिजनों ने उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत देखते हुए चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। यह सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना पर बगवाड़ा चौकी पुलिस और अन्य अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक तौर पर करंट लगने और गिरने की बात सामने आ रही है, लेकिन मृत्यु का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
बगवाड़ा चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह रिंगवाल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी और उसी के आधार पर मृत्यु के कारणों की पुष्टि होगी।
धर्मेंद्र सिंह रावत के असामयिक निधन से 31वीं वाहिनी पीएसी के अधिकारियों और जवानों में भी गहरा शोक व्याप्त है। सहकर्मियों ने उन्हें कर्तव्यनिष्ठ, अनुशासित और मिलनसार जवान बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।

