दर्दनाक हादसा: NIA के डिप्टी SP की सड़क दुर्घटना में मौत, महिला मित्र गंभीर रूप से घायल
रात 11.15 बजे हुआ हादसा, पीछे से आ रहे कार सवार उत्तराखंड के पुलिसकर्मी बाल बाल बचे
मुरादाबाद। कटघर क्षेत्र में शुक्रवार रात हुए सड़क हादसे में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के डिप्टी एसपी की मौत हो गई, जबकि उनके साथ बाइक पर सवार महिला मित्र गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसा कल्याणपुर अंडरपास के पास हुआ, जहां एक तेज रफ्तार कैंटर की चपेट में आने से डिप्टी एसपी की रेसर बाइक का अगला हिस्सा पूरी तरह से खत्म हो गया। हेलमेट दूर जा गिरा।
पीछे बैठी महिला मित्र उछलकर बीच डिवाइडर पर जा गिरी। इससे पीछे से आ रहे कार सवार उत्तराखंड के दो पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। महिला मित्र ने ही जैसे-तैसे डिप्टी एसपी की माँ व भाई को फोन कर घटना की जानकारी दी। पुलिस ने दोनों को अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने डिप्टी एसपी को मृत घोषित कर दिया।
घायल महिला का उपचार टीएमयू में चल रहा है। पुलिस के अनुसार, चंडीगढ़ के मोहाली स्थित खरड़ क्षेत्र के सन्नी एनक्लेव निवासी हिमांशु मेहरा राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) में डिप्टी एसपी के पद पर कार्यरत थे। दिल्ली स्थित मुख्यालय में तैनात थे। शुक्रवार देर रात वह अपनी महिला मित्र जयपुर निवासी पूनम के साथ बाइक से बाजपुर की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक कटघर क्षेत्र के कल्याणपुर अंडरपास के पास पहुंची, वह कैंटर की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा।चिकित्सकों ने जांच के बाद हिमांशु मेहरा को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनकी महिला मित्र की हालत गंभीर होने पर उन्हें भर्ती कर उपचार शुरू किया गया। घायल महिला मित्र को टीएमयू अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। डिप्टी एसपी के परिवार में मां पूनम मेहरा और भाई राघव मेहरा हैं।
सड़क हादसे में एनआइए के डिप्टी एसपी हिमांशु मेहरा की मृत्यु हुई है, जबकि उनके साथ मौजूद महिला मित्र पूनम निवासी जयपुर घायल हैं। महिला मित्र ने ही डिप्टी एसपी की मां व भाई को फोन कर घटना की जानकारी दी। – कुमार रणविजय सिंह, एसपी सिटी

