टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग बंद; मूसलाधार बारिश के बाद अमोड़ी में आया मलबा
चम्पावत। उत्तराखंड के चम्पावत जिले में रविवार सुबह से जारी मूसलाधार बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। भारी बारिश के चलते टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर अमोड़ी के पास पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा आ गया है, जिससे सड़क पूरी तरह बंद हो गई है। इसके अलावा, धौन क्षेत्र में भी मलबा आने की सूचना मिली है।
सैकड़ों यात्री फंसे, एनएचएआई मुस्तैद : राजमार्ग बंद होने की वजह से सड़क के दोनों ओर सैकड़ों वाहन और यात्री बीच रास्ते में ही फंस गए हैं। मूसलाधार बारिश के बीच यात्रियों को भारी दिक्कतों और परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) विभाग द्वारा सड़क को साफ करने और यातायात बहाल करने के प्रयास तुरंत शुरू कर दिए गए हैं। हालांकि, लगातार हो रही तेज बारिश के कारण राहत और बचाव कार्य में काफी बाधा आ रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए चम्पावत के जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को अलर्ट पर रहने और युद्धस्तर पर काम करके जल्द से जल्द सड़क मार्ग खोलने के कड़े निर्देश दिए हैं। नवीनतम जानकारी के अनुसार, मलबे को हटाने और सड़क को दोबारा चालू करने की प्रक्रिया तेजी से जारी है।

