उत्तराखण्डचंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

बनबसा में पाटनी तिराहे का नाम होगा ‘हनुमान चौक’, 11 फीट ऊंची प्रतिमा का सीएम धामी ने किया अनावरण

ख़बर शेयर करें -

नशामुक्ति सद्भावना दौड़ को दिखाई हरी झंडी, युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील; सरकारी जमीनों से अतिक्रमण हटाने और 33 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार देने का किया दावा

बनबसा/चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को बनबसा में पाटनी तिराहे पर करीब 11 फीट ऊंची भगवान हनुमान की प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान उन्होंने पाटनी तिराहे का नाम बदलकर ‘हनुमान चौक’ रखने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने नशामुक्त देवभूमि के संकल्प के तहत आयोजित नशामुक्ति सद्भावना दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।

Ad Ad

मुख्यमंत्री अपने एक दिवसीय चम्पावत दौरे के दौरान बनबसा स्थित एनएचपीसी हेलीपैड पहुंचे, जहां प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने नशामुक्ति सद्भावना दौड़ में प्रतिभाग कर रहे युवक-युवतियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक होकर स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण में योगदान देना चाहिए।

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच प्रतिमा का अनावरण

पाटनी तिराहे पर मुख्यमंत्री ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान हनुमान की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर सुंदरकांड पाठ और जय श्रीराम कीर्तन मंडल की ओर से भजन संध्या का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं के साथ धार्मिक अनुष्ठान में भाग लिया और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ने नवरात्र और दशहरा पर्व की शुभकामनाएं देते हुए महिलाओं के योगदान की सराहना की। कार्यक्रम के समापन पर उन्होंने श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया और स्थानीय लोगों से संवाद किया।

33 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार देने का दावा

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप राज्य सरकार उत्तराखंड के विकास के लिए काम कर रही है। उन्होंने ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं और बेटियों के सशक्तीकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि के साथ सैन्यभूमि भी है और राज्य सरकार सैनिकों तथा उनके परिवारों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सरकारी और सार्वजनिक भूमि से अतिक्रमण हटाने के लिए चलाए गए अभियान का उल्लेख करते हुए दावा किया कि सैकड़ों एकड़ सरकारी भूमि को कब्जों से मुक्त कराया गया है।

उन्होंने भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता के लिए लागू नकल-विरोधी कानून का जिक्र करते हुए कहा कि अब तक 33 हजार से अधिक युवाओं को योग्यता के आधार पर सरकारी रोजगार मिला है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के प्रयास जारी रहेंगे।

कार्यक्रम में दर्जाधारी सुभाष बगौली, हेमा जोशी, मनोज कालाकोटी, किरण देवी, पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष भानी चंद, विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार, भाजपा जिला प्रभारी गुंजन सुखीजा, टनकपुर नगर पालिका अध्यक्ष विपिन कुमार, बनबसा नगर पंचायत अध्यक्ष रेखा देवी, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव और उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, महिलाएं, खिलाड़ी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।