लिव-इन पार्टनर की हत्या के आरोपी को पुलिस ने उसी बस स्टैंड पर पीटा, VIDEO वायरल
क्राइम सीन रीक्रिएशन के दौरान आरोपी की लाठियों से पिटाई का वीडियो सामने आया
भावनगर, गुजरात। गुजरात के भावनगर में लिव-इन पार्टनर की हत्या के आरोप में गिरफ्तार युवक की पुलिस द्वारा सार्वजनिक रूप से पिटाई किए जाने का वीडियो सामने आया है। बताया जा रहा है कि पुलिस आरोपी को क्राइम सीन रीक्रिएशन के लिए उसी बस स्टैंड पर लेकर पहुंची थी, जहां महिला पर कथित रूप से हमला किया गया था। सीन रीक्रिएशन के बाद पुलिसकर्मियों ने आरोपी की कथित तौर पर लाठियों से पिटाई की।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना 5 सितंबर को भावनगर के एसटी बस स्टैंड पर हुई। आरोपी की पहचान 20 वर्षीय फैसल उर्फ खटकी लखानी के रूप में हुई है। आरोप है कि उसने इसी बस स्टैंड पर अपनी लिव-इन पार्टनर काजलबेन बरैया के साथ मारपीट की थी। वायरल वीडियो में आरोपी पुलिसकर्मियों से घिरा नजर आ रहा है और उसे नियंत्रित करने के दौरान लाठियों का इस्तेमाल किया जा रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, नीलमबाग थाने के पुलिस निरीक्षक डीपी उनादकट ने पुलिस की इस कार्रवाई का बचाव करते हुए कहा कि आरोपी को सबके सामने सजा दी गई, ताकि भविष्य में किसी अन्य महिला के साथ ऐसी घटना न हो।
हालांकि, सार्वजनिक रूप से आरोपी की पिटाई को लेकर पुलिस की कार्रवाई पर सवाल भी उठ रहे हैं। गौरतलब है कि गुजरात पुलिस के पूर्व प्रभारी डीजीपी डॉ. केएलएन राव ने इसी वर्ष मई में पुलिसकर्मियों को आरोपियों की सार्वजनिक परेड कराने या उन्हें अपमानित करने जैसी कार्रवाई से बचने के संबंध में लिखित निर्देश जारी किए थे।
इसके अलावा, सुप्रीम कोर्ट के डीके बसु बनाम पश्चिम बंगाल राज्य मामले में हिरासत और पुलिस कार्रवाई के दौरान व्यक्ति के साथ अमानवीय व्यवहार एवं यातना को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए हैं। ऐसे में आरोपी की सार्वजनिक पिटाई का मामला जांच के दायरे में आ सकता है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के मुताबिक, 3 सितंबर को भावनगर के एसटी बस स्टैंड पर फैसल और 40 वर्षीय काजलबेन के बीच विवाद हुआ। काजलबेन पिछले कुछ समय से आरोपी के साथ रह रही थीं।
पुलिस के अनुसार, फैसल को काजलबेन और उसके दोस्त रवि के बीच संबंध होने का शक था। वहीं रवि ने पुलिस को बताया कि विवाद शराब पीने को लेकर शुरू हुआ था। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया।
आरोप है कि फैसल ने काजलबेन को जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से पीटा। हमले में उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। रवि ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो उसके साथ भी मारपीट की गई।
बस स्टैंड पर लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड होने की बात पुलिस ने कही है। गंभीर रूप से घायल काजलबेन को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 4 सितंबर को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
काजलबेन की मां की शिकायत पर पुलिस ने फैसल के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है। पुलिस उसके कथित पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है, जिसमें लूटपाट और मारपीट से जुड़े मामले शामिल बताए जा रहे हैं। अब क्राइम सीन रीक्रिएशन के दौरान आरोपी की सार्वजनिक रूप से की गई कथित पिटाई भी चर्चा का विषय बन गई है और इस कार्रवाई की वैधानिकता को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

