चम्पावत : माउंट कार्मेल स्कूल परिसर में गिरा विशालकाय देवदार का पेड़, फायर यूनिट ने सुरक्षित हटाया
विद्युत तारों पर गिरा था पेड़, बिजली लाइन बंद कराकर किया गया रेस्क्यू ऑपरेशन
चम्पावत। मौसम खराब होने के बीच रविवार को माउंट कार्मेल स्कूल, चम्पावत परिसर में एक विशालकाय देवदार का पेड़ गिर गया। पेड़ विद्युत तारों पर गिरने के कारण परिसर में खतरा पैदा हो गया। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन चम्पावत की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
जानकारी के अनुसार, 6 सितंबर 2026 को फायर स्टेशन चम्पावत को स्कूल परिसर में पेड़ गिरने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना पर फायर स्टेशन से एक फायर यूनिट रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंची। मौके पर विशालकाय देवदार का पेड़ विद्युत तारों पर गिरा हुआ मिला।
फायर यूनिट ने तत्काल विद्युत विभाग को सूचना देकर संबंधित विद्युत लाइन को बंद कराया। इसके बाद वुडन कटर की सहायता से पेड़ को काटकर सुरक्षित रूप से हटाया गया। पेड़ हटाए जाने के बाद स्कूल परिसर को सुरक्षित किया गया। रेस्क्यू अभियान में DVR चन्द्र शेखर, FM उमेश राणा, FM शीशराम राणा और FM कृपाल सिंह शामिल रहे।
लगातार खराब मौसम के बीच चम्पावत पुलिस एवं फायर यूनिट की टीमें राहत और बचाव कार्यों के लिए सतर्क हैं। पुलिस ने लोगों से भी बारिश और तेज हवाओं के दौरान पेड़, विद्युत लाइनों तथा अन्य संवेदनशील स्थानों के आसपास सावधानी बरतने की अपील की है।


