चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

चम्पावत : अतिवृष्टि और खराब मौसम को लेकर जिलाधिकारी ने जारी की एडवाइजरी, जनपदवासियों से सतर्कता बरतने की अपील

ख़बर शेयर करें -

अफवाहों पर ध्यान न दें, केवल अधिकृत माध्यमों से प्राप्त सूचनाओं पर करें विश्वास: जिलाधिकारी

चम्पावत। जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश और प्रतिकूल मौसम की संभावना को देखते हुए जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण मनीष कुमार ने आमजन से विशेष सावधानी और अत्यधिक सतर्कता बरतने की अपील की है।

जिलाधिकारी ने कहा कि अतिवृष्टि के दौरान पर्वतीय मार्गों, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और क्षतिग्रस्त सड़कों पर अनावश्यक आवागमन से बचें। उन्होंने लोगों से नदियों, गधेरों, नालों और घाटियों के किनारे नहीं जाने तथा बच्चों को भी ऐसे जोखिम वाले स्थानों से दूर रखने की अपील की।

Ad Ad

शारदा नदी सहित अन्य नदियों के जलस्तर में वृद्धि को देखते हुए नदी तटों और निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। खराब मौसम के दौरान आकाशीय बिजली, पेड़ गिरने और भूस्खलन की आशंका वाले स्थानों से भी उचित दूरी बनाए रखने को कहा गया है।

वाहन चालकों से मौसम और सड़क की स्थिति को ध्यान में रखते हुए सावधानीपूर्वक वाहन चलाने तथा तेज बहाव वाले नालों, जलभराव और मलबे से प्रभावित मार्गों से होकर जाने का जोखिम न उठाने की अपील की गई है।

जिलाधिकारी ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है। संबंधित विभागों और एसडीआरएफ को भी आवश्यक सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल अधिकृत माध्यमों से प्राप्त सूचनाओं पर ही विश्वास करें। प्रशासन का सहयोग करते हुए स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।

आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क

किसी भी आपात स्थिति में नागरिक तत्काल जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र, चम्पावत से संपर्क कर सकते हैं।

लैंडलाइन:
05965-230819
05965-230703

हेल्पलाइन/मोबाइल:
7895318895
7579060090
9528135726

टोल फ्री: 1077

ई-मेल: deoccpt@gmail.com