गुरुग्राम में सड़क हादसे में अल्मोड़ा की पूजा बिष्ट की मौत, सहेली गंभीर रूप से घायल
मानसेर में सड़क पार करते समय तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर, भाई के साथ रहकर नौकरी कर रही थी 24 वर्षीय युवती
अल्मोड़ा। उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले की 24 वर्षीय युवती पूजा बिष्ट की हरियाणा के गुरुग्राम में सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे में उसकी सहेली अनुराधा भी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। हादसे की खबर से गांव और क्षेत्र में शोक की लहर है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूजा बिष्ट गुरुग्राम के हीरानगर में अपने भाई के साथ रह रही थी। वह अपनी सहेली अनुराधा के साथ मानसेर स्थित फ्रेश ओके स्टोर में काम करती थी। बताया गया कि बीते दिन सुबह करीब 9:30 बजे दोनों युवतियां मानसेर पहुंचीं। बस स्टैंड से पहले एक ऑटोमोबाइल शोरूम के सामने बस से उतरने के बाद दोनों धारूहेड़ा से गुरुग्राम जाने वाली सड़क पार कर रही थीं।

इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों युवतियां सड़क पर जा गिरीं। हादसा देखकर आसपास मौजूद लोग तत्काल मदद के लिए पहुंचे और दोनों को निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने पूजा बिष्ट को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल अनुराधा को प्राथमिक उपचार के बाद ईएसआई अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। वहीं, हादसे में शामिल कार के चालक की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पूजा की असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

