बेलखेत में महिला और दो नाबालिग बेटियों ने खाया जहरीला पदार्थ, तीनों की हालत गंभीर
पारिवारिक विवाद के बीच घटना की आशंका, टनकपुर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर
टनकपुर/चम्पावत। चम्पावत जिले के चल्थी क्षेत्र के बेलखेत में एक महिला और उसकी दो नाबालिग बेटियों के कथित तौर पर जहरीले पदार्थ का सेवन करने का मामला सामने आया है। तीनों की हालत बिगड़ने पर परिजन और स्थानीय लोग उन्हें निजी वाहन से उप जिला चिकित्सालय टनकपुर लेकर पहुंचे। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए तीनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया।
अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, महिला और उसकी दोनों नाबालिग बेटियों ने कथित तौर पर पारिवारिक विवाद के चलते कीटनाशक पदार्थ का सेवन किया। इसके बाद तीनों की तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए उप जिला चिकित्सालय टनकपुर ले पहुंचे, जहां डॉ. आफताब आलम ने मेडिकल स्टाफ के साथ उनका उपचार किया। डॉ. आलम ने बताया कि तीनों की स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। उपचार के दौरान मेडिकल टीम में कर्मवीर, भावना, निशा, कल्पना चौहान, बलजीत सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।

