चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

पीआरडी जवान रात भर पड़ा रहा नदी किनारे, चिकित्सकों ने मशक्कत कर बचाई जान

ख़बर शेयर करें -

लोहाघाट/चम्पावत। एक पीआरडी जवान रात के समय नदी किनारे गिर गया। उस पर किसी की नजर नहीं पड़ी। जिसके चलते वह ठंड में रात भर नदी किनारे ही पड़ा रहा। सुबह जब लोगों की नजर उस पर पड़ी तो उसे अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने कड़ी मशक्कत कर उसकी जान बचाई।

जानकारी के अनुसार बुधवार देर शाम लोहाघाट के सुई निवासी पीआरडी जवान त्रिलोचन तिवारी कोली ढेक सड़क से होते हुए अपने गांव की ओर जा रहे थे। जब वे कोली पुल पार कर थोड़ा आगे बढ़े तो अचानक असंतुलित होकर लोहावती नदी में जा गिरे। किसी को भी त्रिलोचन के लोहावती नदी में गिरने की जानकारी नहीं हो पाई। जिस कारण वह ठंड में रात भर लोहावती नदी के किनारे पड़े रहे। आज सुबह जब लोगों की उन पर नजर पड़ी तो लोगों के द्वारा पुलिस व उनके परिजनों को सूचना दी गई। सूचना पर उनके भाई आनंद तिवारी ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे तथा लोगों व पुलिसकर्मी की मदद से उन्हें लोहावती नदी से सड़क तक लाया गया। जहां से एंबुलेंस के माध्यम से उन्हें लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विराज राठी ने बताया सुबह मरीज को काफी गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया, लेकिन फिजिशियन डॉक्टर राकेश जोशी व उनकी टीम के द्वारा मरीज की जान बचाने के लिए सराहनीय कार्य करते हुए हर संभव प्रयास किए गए। डॉ. राठी ने बताया डॉक्टर राकेश जोशी व उनकी टीम की कड़ी मेहनत के बाद आखिर मरीज होश में आ गया। उन्होंने कहा मरीज की हालत अब खतरे से बाहर है। डॉ. राठी ने बताया अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती से अब मरीजों को बेहतर उपचार मिल रहा है।

Ad Ad