टनकपुर के प्रियांशु वर्मा ने 8वीं यूथ राष्ट्रीय मुक्केबाजी प्रतियोगिता में जीता रजत पदक
टनकपुर/चम्पावत। 12 अप्रैल से 19 अप्रैल 2026 तक गुवाहाटी (असम) में आयोजित 8वीं यूथ राष्ट्रीय मुक्केबाजी प्रतियोगिता में टनकपुर के खिलाड़ी प्रियांशु वर्मा ने 47 से 50 किलोग्राम भार वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल कर जनपद चम्पावत का नाम रोशन किया है।
बॉक्सिंग प्रशिक्षक ललित मोहन कुंवर ने बताया कि प्रियांशु वर्मा टनकपुर स्टेडियम में नियमित प्रशिक्षण ले रहे हैं और उनकी मेहनत का ही परिणाम है कि उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर यह उपलब्धि हासिल की। उल्लेखनीय है कि प्रियांशु ने इससे पूर्व वर्ष 2025 में रोहतक (हरियाणा) में आयोजित जूनियर राष्ट्रीय मुक्केबाजी प्रतियोगिता में भी रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था।

प्रियांशु की इस उपलब्धि पर जिला बॉक्सिंग एसोसिएशन चम्पावत के अध्यक्ष दीपक छतवाल और संरक्षक दीपक शारदा ने उन्हें सम्मानित किया। जिला क्रीड़ा अधिकारी चंदन सिंह बिष्ट, स्टेडियम प्रभारी मुकेश शर्मा, फुटबॉल प्रशिक्षक कुमार गौरव खोलिया, सचिव विकास राय, बॉक्सिंग प्रशिक्षक सूरज पांडे, रेखा पांडे, नवीन चौहान और योगी चंद ने प्रियांशु के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शुभकामनाएं दीं। इस सफलता पर जनपद के खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है और सभी ने प्रियांशु की उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया है।

