पहलगाम आतंकी हमले की बरसी पर टनकपुर में शहीदों को दी श्रद्धांजलि, तुलसीराम चौराहे पर जले दीप
टनकपुर/चम्पावत। कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुए जानलेवा आतंकी हमले की पहली बरसी पर बुधवार रात को टनकपुर के तुलसीराम चौराहे पर पूर्व पालिकाध्यक्ष हर्षवर्धन रावत के नेतृत्व में एकत्रित होकर शहीदों की स्मृति में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने दीप जलाकर शहीदों को नमन किया और उनके बलिदान को याद किया।
कार्यक्रम में हर्षवर्धन रावत ने कहा कि 22 अप्रैल 2025 को हुए इस हमले में 26 निर्दोष पर्यटकों की आतंकियों द्वारा हत्या कर दी गई थी, जिसने पूरे देश को झकझोर दिया था। आज भी शहीदों के परिजनों के घाव ताजा हैं और देशवासी उनके बलिदान को कभी नहीं भूल सकते। इस अवसर पर सभासद शैलेंद्र, नवीन गड़कोटी, सत्यम बजरंगी, अनुराग बजरंगी, अनुज बजरंगी, भरत सक्सेना, संजय चौहान, पप्पू, मोहित सहित अनेक लोगों ने कार्यक्रम में भाग लेकर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। साथ ही देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया गया।


