रोडवेज कर्मियों का प्रदर्शन: नियमितीकरण की मांग को लेकर निकाला जुलूस, 1 जून से आमरण अनशन की चेतावनी
टनकपुर/चम्पावत। नियमित नियुक्ति की मांग को लेकर रोडवेज के संविदा और विशेष श्रेणी कर्मचारियों का आंदोलन उग्र होता जा रहा है। आज 29 मई को टनकपुर में कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में एक विशाल जुलूस निकाला। यह जुलूस संविदा और विशेष श्रेणी कर्मचारी संगठन के प्रदेश अध्यक्ष कैलाश भट्ट के नेतृत्व में रोडवेज परिसर स्थित धरना स्थल से शुरू होकर टनकपुर तहसील परिसर तक पहुंचा।
तहसील कार्यालय पहुंचने के बाद संगठन के पदाधिकारियों ने एसडीएम प्रमोद कुमार के माध्यम से मुख्यमंत्री को एक ज्ञापन भेजा। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों का कहना है कि रोडवेज के लगभग 3 हजार संविदा और विशेष श्रेणी चालक, परिचालक व कार्यशाला कर्मी अपने भविष्य को लेकर बेहद चिंतित हैं। कर्मचारियों ने नियमितीकरण के नियमों में संशोधन किए जाने, कट ऑफ डेट को बढ़ाकर साल 2026 किए जाने, विशेष श्रेणी कार्मिकों को नियमावली में शामिल कर नियमित नियुक्ति दिए जाने की मांग की है।



21 मई से लगातार क्रमिक अनशन कर रहे कार्मिकों ने साफ शब्दों में कहा है कि यदि सरकार ने उनकी मांगें नहीं मानीं, तो आंदोलन के दूसरे चरण के तहत कदम उठाए जाएंगे। संगठन ने एलान किया है कि 31 मई तक उनका क्रमिक अनशन जारी रहेगा और इसके बाद भी समाधान न होने पर 1 जून से बेमियादी आमरण अनशन शुरू कर दिया जाएगा। जुलूस और प्रदर्शन में गणेश जोशी, गोकुल सिंह, जयदेव नेगी, दिनेश जोशी, इंद्र सिंह चिलवाल, अनिल तिवारी, सुरेश राणा, जगत चौहान, रमेश सिंह, संदीप कंडारी, विवेकानंद भट्ट, जयदेव सिंह, विनय पाठक, नईम अहमद, गिरीश पांडेय, शंकर दत्त भट्ट, धीरज श्रीवास्तव आदि शामिल रहे।
वहीं प्रेदश अध्यक्ष कैलाश भट्ट ने कहा है कि मजदूरों का यह संघर्ष मांग पूरी होने तक जारी रहेगा। प्रदेश महामंत्री गोकुल सिंह के संचालन में हुए प्रदर्शन में टनकपुर के अलावा लोहाघाट, अल्मोड़ा, रानीखेत, पर्वतीय देहरादून, रुद्रपुर, काठगोदाम आदि डिपो के बड़ी संख्या में कर्मचारी भी शामिल हुए।

