देहरादूननवीनतम

देहरादून: हांडी रेस्टोरेंट में सड़ी-गली सब्जियां और बासी खाना मिला, तत्काल बंद कराया

ख़बर शेयर करें -

फ्रीजर से लेकर स्टोर रूम तक गंदगी, कॉकरोच और चूहों की मौजूदगी उजागर; पनीर, दूध व चिकन करी के नमूने जांच को भेजे

देहरादून। राजधानी देहरादून में खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम के औचक निरीक्षण में दून क्लब स्थित हांडी रेस्टोरेंट में स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी सामने आई है। रेस्टोरेंट की रसोई से लेकर स्टोर रूम तक गंदगी, सड़ी-गली सब्जियां, कई दिन पुरानी खाद्य सामग्री और कॉकरोच व चूहों की मौजूदगी मिली। कार्रवाई करते हुए रेस्टोरेंट को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया। संचालक को कमियां दूर करने के लिए 14 दिन का इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया है।

Ad Ad

न्यू सर्वे रोड, करणपुर स्थित रेस्टोरेंट में मंगलवार को राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून के दिशा-निर्देशन में संयुक्त टीम ने निरीक्षण किया। इस दौरान रसोईघर, फ्रीजर, खाद्य सामग्री के भंडारण स्थल, बर्तन धोने के स्थान और स्टोर रूम की जांच की गई। जांच में सामने आई स्थितियों ने खाद्य पदार्थों के रखरखाव और साफ-सफाई की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए।

फ्रीजर में सड़ी सब्जियां, कई दिन पुरानी खाद्य सामग्री

निरीक्षण के दौरान फ्रीजर में फूलगोभी, मूली, शिमला मिर्च, पत्तागोभी और आलू समेत कई सब्जियां सड़ी-गली अवस्था में मिलीं। करीब दो दिन पुराने चावल, दो से तीन दिन पुराना गूंथा हुआ आटा और लगभग एक सप्ताह पुरानी मोमोज व चाउमीन की सामग्री भी पाई गई। खाद्य पदार्थ खुले बर्तनों में रखे हुए थे।

रसोईघर और मसाले रखने वाली अलमारी में कॉकरोच और चूहों की मौजूदगी मिली। कई मसालों की थैलियां चूहों द्वारा कुतरी हुई पाई गईं। स्टोर रूम में भी चूहों के होने के प्रमाण मिले।

तीन-चार दिन से पड़े थे जूठे बर्तन, नालियां मिलीं जाम

बर्तन धोने वाले स्थान पर भारी गंदगी और तीन से चार दिन पुराने जूठे बर्तन मिले। परिसर में कूड़ा-कचरा जमा था, जबकि नालियां जाम और ड्रेनेज सिस्टम खराब पाया गया। कर्मचारियों की मेडिकल फिटनेस, पेस्ट कंट्रोल और इस्तेमाल किए जा रहे पानी की जांच से संबंधित दस्तावेज भी मौके पर उपलब्ध नहीं थे।

खाद्य सामग्री नष्ट, तीन नमूने जांच के लिए भेजे

टीम ने रेस्टोरेंट से पनीर, दूध और डीप फ्रीजर में रखी तैयार चिकन करी के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे। मौके पर पांच किलोग्राम बासी चावल, 15 किलोग्राम सब्जियां, दो किलोग्राम मोमोज और बासी चिकन करी को नष्ट कराया गया। नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

14 दिन में सुधार नहीं किया तो लाइसेंस पर होगी कार्रवाई

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सीमा डुंगराकोटी ने रेस्टोरेंट में मिली खामियों पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि दून क्लब जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों का पालन बेहद जरूरी है। यहां वीवीआईपी सहित कई गणमान्य अतिथियों का आवागमन रहता है, इसलिए भोजन तैयार करने और परोसने की व्यवस्था निर्धारित मानकों के अनुरूप होनी चाहिए।

रेस्टोरेंट संचालक अभय सिंह नेगी को परिसर की गहन सफाई कराने, खराब खाद्य सामग्री का निस्तारण करने, पेस्ट कंट्रोल कराने, नालियों और ड्रेनेज सिस्टम की मरम्मत कराने, पेयजल की गुणवत्ता की जांच कराने तथा कर्मचारियों की मेडिकल फिटनेस से जुड़े दस्तावेज पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित 14 दिन की अवधि के बाद दोबारा निरीक्षण कर सुधारों का सत्यापन किया जाएगा। कमियां दूर नहीं होने पर खाद्य सुरक्षा कानून के तहत लाइसेंस निलंबित करने सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है। संयुक्त निरीक्षण टीम में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कपिल देव, अभिहित अधिकारी मनीष सयाना और वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रमेश सिंह शामिल रहे। निरीक्षण के दौरान दून क्लब के अध्यक्ष मनोज सूरी भी मौजूद थे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आमजन के स्वास्थ्य और सुरक्षित खाद्य पदार्थों की उपलब्धता से जुड़े मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।