चम्पावत : बाराकोट में गुलदार के खौफ के चलते बदला गया स्कूल टाइम
चम्पावत। प्रदेश के विभिन्न इलाकों के साथ ही जनपद के कुछ क्षेत्रों में गुलदार की सक्रियता से लोग दहशत में हैं। लोहाघाट व बाराकोट क्षेत्र में गुलदार अब तक दो लोगों को अपना शिकार बना चुका है। बाराकोट में गुलदार की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए प्रशासन ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अहम फैसला लिया है। बाराकोट ब्लॉक के सभी सरकारी, निजी और सहायता प्राप्त विद्यालय दोपहर 2 बजे तक ही संचालित किए जाएंगे।
इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी बाराकोट ने आदेश जारी कर दिए हैं। हालांकि, स्कूलों के खुलने के समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है। विद्यालय पूर्व की तरह सुबह 9:15 बजे ही खुलेंगे, लेकिन छुट्टी का समय एक घंटा पहले कर दिया गया है। आपको बता दें कि चम्पावत जिले के बाराकोट विकासखंड क्षेत्र में इन दिनों गुलदार का खौफ छाया हुआ है। बीते दिनों एक ग्रामीण देव सिंह अधिकारी को मौत के घाट उतारने के बाद दो दिन पूर्व ही गुलदार ने एक महिला पर हमला कर उसे घर से नीचे खेत में फेंक दिया। गुलदार के मुंह में महिला की साड़ी आने से महिला की जान बच सकी थी।

एसडीएम लोहाघाट नीतू डांगर ने 9 दिसंबर की घटना के बाद जिलाधिकारी चम्पावत मनीष कुमार को रिपोर्ट भेजते हुए बताया था कि बाराकोट क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में पिछले कुछ दिनों से गुलदार देखे जाने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इससे विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं की सुरक्षा पर सीधा खतरा पैदा हो रहा है। प्रशासन के संज्ञान में यह भी लाया गया कि अधिकांश छात्र-छात्राएं विद्यालय से घर तक पैदल सफर करते हैं। पूर्व में स्कूलों की छुट्टी सायं 3-3:30 बजे होने के कारण, शीतकाल में अंधेरा जल्दी हो जाने से जोखिम और अधिक बढ़ जाता है। ऐसे हालात में किसी भी अप्रिय घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। इन्हीं परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए शीतकाल के दौरान विद्यालयों की समयावधि कम करने का प्रस्ताव रखा गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी चम्पावत को आवश्यक निर्देश जारी किए। इसके बाद मुख्य शिक्षा अधिकारी ने खंड शिक्षा अधिकारी को आदेश देते हुए कहा कि गुलदार की गतिविधियों और बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बाराकोट क्षेत्र में विद्यालयों का समय परिवर्तित किया जाए। जिसके बाद खंड शिक्षा अधिकारी की ओर से यह निर्देश ब्लॉक के सभी प्रधानाचार्यों और प्रधानाध्यापकों को भेज दिए गए हैं। आदेश के अनुसार अब बाराकोट ब्लॉक के सभी विद्यालय सुबह 9:15 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक संचालित होंगे।

