बागेश्वर में सनसनी: स्कूल जाते समय प्रधानाचार्य की चाकू मारकर हत्या, आरोपी बाबू की तलाश जारी
बागेश्वर। उत्तराखंड के बागेश्वर जिले से शनिवार सुबह एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई है। राजकीय इंटर कॉलेज भटकोला के प्रधानाचार्य दयानंद टम्टा (55) की स्कूल जाते समय कथित रूप से विद्यालय के ही एक बाबू ने चाकू से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है, जबकि शिक्षा विभाग और विद्यालय प्रशासन में शोक और हड़कंप व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सैंज निवासी प्रधानाचार्य दयानंद टम्टा शनिवार सुबह रोजाना की तरह स्कूल के लिए निकले थे। वह मुख्य सड़क तक अपने वाहन से पहुंचे और वहां से पैदल विद्यालय की ओर जा रहे थे। इसी दौरान विद्यालय जाने वाले रास्ते में पहले से मौजूद विद्यालय के बाबू ने उन पर अचानक चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमला इतना गंभीर था कि प्रधानाचार्य लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने तत्काल उनके परिजनों को सूचना दी और उन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने पूरे मामले की जांच तेज कर दी है. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। क्षेत्राधिकारी बागेश्वर मनीष शर्मा ने बताया है कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। आरोपी की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। उसे जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
प्रधानाचार्य की हत्या की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। जिला अस्पताल में शिक्षकों, परिचितों, स्थानीय लोगों और शुभचिंतकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद विद्यालय में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। शिक्षक संगठनों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि शिक्षा संस्थानों से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए। फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वजह, आरोपी और मृतक के बीच संभावित विवाद सहित सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।

