चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

खेतीखान में बेमियादी धरना शुरू, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के स्मृति स्थल की राशि स्थानांतरित करने पर नाराजगी

ख़बर शेयर करें -

खेतीखान/चम्पावत। काली कुमाऊं के शेर के नाम से विख्यात स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पंडित हर्षदेव ओली की जन्मभूमि खेतीखान में शुक्रवार से क्षेत्रवासियों ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। धरने की शुरुआत इंदिरा पार्क स्थित स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों पंडित हर्षदेव ओली, पंडित दुर्गादत्त ओली, पंडित दयाराम ओली और पंडित पूर्णानंद जोशी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर की गई।

धरने में शामिल जिला पंचायत सदस्य अशोक महरा और क्षेत्रीय लोगों ने आरोप लगाया कि खेतीखान में प्रस्तावित स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के स्मृति स्थल के निर्माण के लिए स्वीकृत 20 लाख रुपये की धनराशि बिना किसी पूर्व सूचना के अन्यत्र स्थानांतरित कर दी गई। उन्होंने इसे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का अपमान बताते हुए प्रशासन के निर्णय पर कड़ी नाराजगी जताई।

Ad Ad

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि ग्राम सभा गोशनी ओलीगांव में स्वीकृत बहुउद्देशीय भवन एवं स्मृति स्थल के निर्माण के लिए आवंटित राशि को तत्काल वापस किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक स्वीकृत धनराशि पुनः बहाल नहीं की जाती, तब तक उनका बेमियादी धरना जारी रहेगा।

धरने में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि आलोक वर्मा, बांजगांव के प्रधान प्रतिनिधि अरविंद सिंह देउपा, क्षेत्र पंचायत सदस्य चंद्रकांत ओली, क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रतिनिधि पवन देउपा, उपप्रधान अनुज बोहरा, गोपाल मनराल, नवीन बोरा, रमेश चंद्र ओली, दिनेश ओली, तेज सिंह बोरा, लालमणि, मोहन ओली सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से जल्द सकारात्मक निर्णय लेते हुए स्वीकृत राशि वापस जारी करने और स्मृति स्थल निर्माण कार्य प्रारंभ कराने की मांग की है।