क्राइमचंपावतटनकपुरनवीनतम

टनकपुर में 5-6 दिन पुराना शव मिलने से सनसनी, पास में मिला सल्फास का डिब्बा

ख़बर शेयर करें -

बंगाली कॉलोनी निवासी वेदपाल के रूप में हुई पहचान, 19 अक्टूबर को दर्ज हुई थी गुमशुदगी; पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच से स्पष्ट होगी मौत की वजह

टनकपुर/चम्पावत। टनकपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में एक व्यक्ति का शव बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बंगाली कॉलोनी के वार्ड नंबर तीन निवासी वेदपाल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, शव करीब पांच से छह दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। घटनास्थल से सल्फास का एक डिब्बा भी बरामद हुआ है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

Ad Ad

सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक चेतन रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य एकत्र किए। प्रारंभिक जानकारी के आधार पर पुलिस आत्महत्या की आशंका जता रही है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगी।

19 अक्टूबर को दर्ज हुई थी गुमशुदगी

पुलिस के मुताबिक, वेदपाल के परिजनों ने 19 अक्टूबर की देर शाम टनकपुर कोतवाली में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने टीम गठित कर उनकी तलाश शुरू की थी। अब शव बरामद होने के बाद मामले की जांच तेज कर दी गई है।

कोतवाल चेतन रावत ने बताया कि घटनास्थल पर मृतक के पास से सल्फास का डिब्बा मिला है। प्रारंभिक परिस्थितियों के आधार पर आत्महत्या की आशंका है, लेकिन इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी। फॉरेंसिक टीम की जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए उप जिला चिकित्सालय भेजा गया है। पोस्टमार्टम संबंधी कार्रवाई की जिम्मेदारी मनिहारगोठ चौकी प्रभारी तेज कुमार को सौंपी गई है। स्थानीय लोगों ने मौत की परिस्थितियों को लेकर संदेह जताया है। पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।