उत्तराखण्डक्राइमदेहरादूननवीनतम

एचआईवी संक्रमित युवक का सनसनीखेज आरोप: पत्नी ने उजागर की बीमारी, रेस्टोरेंट हुआ बंद; कोर्ट के आदेश पर पत्नी समेत तीन पर मुकदमा

ख़बर शेयर करें -

देहरादून। राजधानी देहरादून के सहसपुर क्षेत्र से एक संवेदनशील मामला सामने आया है। एचआईवी संक्रमित एक युवक ने अपनी पत्नी, ससुर और साली पर उसकी गोपनीय चिकित्सीय जानकारी सार्वजनिक कर ब्लैकमेल करने, सामाजिक रूप से बदनाम करने और उसका व्यवसाय चौपट करने का आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि बीमारी की जानकारी रिश्तेदारों और ग्राहकों तक पहुंचाए जाने के बाद उसका रेस्टोरेंट बंद हो गया। पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं किए जाने का आरोप लगाते हुए पीड़ित ने अदालत का दरवाजा खटखटाया, जिसके बाद कोर्ट के आदेश पर प्रेमनगर थाना पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

2019 में हुई थी शादी, 2024 में चला एचआईवी संक्रमित होने का पता

सहसपुर निवासी 36 वर्षीय युवक ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) कोर्ट में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसकी शादी वर्ष 2019 में हुई थी और उसके दो बच्चे हैं। उसका आरोप है कि पत्नी के अन्य युवकों से संबंध थे और वह नशे की आदी है। मार्च 2024 में चिकित्सकीय जांच के दौरान उसे स्वयं के एचआईवी संक्रमित होने की जानकारी मिली।

Ad Ad

गोपनीय जानकारी सार्वजनिक कर बदनाम करने का आरोप

पीड़ित का आरोप है कि जब उसने पत्नी के कथित अवैध संबंधों की शिकायत ससुराल पक्ष से की तो बदले की भावना से उसकी एचआईवी संक्रमण की जानकारी रिश्तेदारों, किरायेदारों और उसके रेस्टोरेंट में आने वाले ग्राहकों तक पहुंचा दी गई। इससे उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को गहरा आघात पहुंचा और ग्राहकों ने रेस्टोरेंट आना बंद कर दिया, जिससे उसका कारोबार ठप हो गया। उसने सामाजिक बहिष्कार का भी आरोप लगाया है।

तलाक की बात पर 20 लाख रुपये मांगने का आरोप

युवक का कहना है कि जब उसने पत्नी से तलाक की बात की तो उसकी साली ने 20 लाख रुपये की मांग की। साथ ही अज्ञात नंबरों से धमकियां भी दिलाई गईं। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि अप्रैल 2026 में उसकी पत्नी घर से मकान की मूल रजिस्ट्री चोरी कर ले गई।

कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुआ मुकदमा

पीड़ित का आरोप है कि पुलिस ने उसकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की, जिसके बाद उसने अदालत की शरण ली। कोर्ट के निर्देश पर प्रेमनगर थाना पुलिस ने पत्नी, ससुर और साली के खिलाफ एचआईवी एवं एड्स (रोकथाम और नियंत्रण) अधिनियम तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रेमनगर थाना प्रभारी नरेश राठौर ने बताया है कि अदालत के आदेश के अनुपालन में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की सभी पहलुओं से गहन जांच की जा रही है।