सड़क हादसा नहीं, रंजिश में रची गई हत्या: कार से बाइक को कुचलकर युवक की ली जान, दो आरोपी गिरफ्तार
रुद्रपुर/जसपुर। उधम सिंह नगर जिले के जसपुर में सड़क दुर्घटना समझे जा रहे मामले ने पुलिस जांच में सनसनीखेज मोड़ ले लिया। 10 जुलाई को हुई घटना दरअसल एक सुनियोजित हत्या निकली, जिसे सड़क हादसे का रूप देने की कोशिश की गई थी। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य जांच के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त कार बरामद कर ली है। पूछताछ में आरोपियों ने पुरानी रंजिश और विवाद के चलते जानबूझकर बाइक को टक्कर मारकर युवक की हत्या करने की बात स्वीकार की है।
हादसे की सूचना से हत्या के खुलासे तक
पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई की सुबह करीब 10 बजे डायल-112 पर सूचना मिली कि ठाकुरद्वारा चुंगी के पास खेड़ा वाली नहर रोड पर एक कार ने बाइक को टक्कर मार दी है, जिसमें तीन युवक घायल हो गए हैं। सूचना पर पहुंची कोतवाली जसपुर पुलिस को सड़क किनारे नहर में क्षतिग्रस्त बाइक मिली। पुलिस ने घायलों की जानकारी अस्पतालों में जुटाई, लेकिन तत्काल कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी।

अगले दिन 11 जुलाई को मृतक नितिन कुमार के पिता बनारसी दास ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया कि यह कोई सामान्य सड़क हादसा नहीं, बल्कि पुरानी रंजिश के चलते की गई सुनियोजित हत्या है। उन्होंने पुष्पेंद्र चौहान उर्फ मानू और जाकिर गुज्जर पर जानबूझकर कार से बाइक में टक्कर मारकर बेटे की हत्या करने का आरोप लगाया।
एसएसपी के निर्देशन में बनी विशेष टीम
शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक काशीपुर और क्षेत्राधिकारी काशीपुर की निगरानी में विशेष जांच टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। 12 जुलाई को मिली सूचना पर पुलिस ने हाईवे पर घेराबंदी कर घटना में प्रयुक्त बलेनो कार (UP 21 DF 4379) के साथ दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में कबूला हत्या का राज
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि घटना वाले दिन उनका नितिन, लविश, हर्ष और उनके साथियों से विवाद हुआ था। कुछ देर बाद जब तीनों युवक बाइक से खेड़ा वाली नहर रोड पर जा रहे थे, तब गुस्से और प्रतिशोध की भावना में उन्होंने कार से बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक सवारों को कुचलते हुए आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने हत्या को सड़क दुर्घटना का रूप देकर जांच को गुमराह करने की कोशिश की।
गिरफ्तार आरोपी
- पुष्पेंद्र चौहान उर्फ मानू, निवासी ग्राम कासमपुर
- जाकिर गुज्जर, निवासी नई बस्ती, जसपुर
एक आरोपी पर पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस जांच में सामने आया कि पुष्पेंद्र चौहान के खिलाफ वर्ष 2020 में लूट, जबरन वसूली समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, दूसरे आरोपी जाकिर गुज्जर के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
एसएसपी का सख्त संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने कहा कि जिले में हत्या जैसे जघन्य अपराध करने वालों के लिए कोई स्थान नहीं है। कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले प्रत्येक अपराधी के खिलाफ कठोरतम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

