उत्तराखंड में भीषण सड़क हादसा, 35 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, 5 लोग घायल
देहरादून/विकासनगर। उत्तराखंड के देहरादून जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। चकराता क्षेत्र में लालपुल के पास एक कार अनियंत्रित होकर करीब 35 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार पांच लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी घायलों को खाई से बाहर निकाला।
35 मीटर नीचे खाई में गिरी कार
जानकारी के अनुसार चकराता के लालपुल के पास स्थानीय लोगों ने कार के खाई में गिरने की सूचना 112 के माध्यम से पुलिस-प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ चकराता से उप निरीक्षक जसपाल सिंह के नेतृत्व में टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर एसडीआरएफ टीम को DL9C 8092 नंबर की कार सड़क से करीब 35 मीटर नीचे खाई में गिरी हुई मिली। इसके बाद एसडीआरएफ ने स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय कर संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों को निकाला
रेस्क्यू टीम के जवान खाई में उतरे और सभी घायलों तक पहुंच बनाई। कड़ी मशक्कत के बाद कार में सवार पांचों लोगों को सुरक्षित खाई से बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया। कार में कुल पांच लोग सवार थे, जिनमें तीन पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि तीन को सामान्य चोटें आई हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की डॉक्टर हुमा परवीन के मुताबिक, चार घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
चकराता घूमने जा रहे थे सभी लोग
सहिया पुलिस चौकी प्रभारी संदीप पंवार ने बताया कि कार सवार सभी लोग चकराता घूमने जा रहे थे। लालपुल के समीप कार अचानक अनियंत्रित हुई और सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। सूचना पर पहुंची पुलिस और एसडीआरएफ टीम ने सभी पांचों घायलों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया।
घायलों का विवरण
- रोहन कुमार, उम्र करीब 23 वर्ष, निवासी नई दिल्ली
- अभिषेक दुबे, उम्र करीब 26 वर्ष, निवासी रोहिणी, दिल्ली
- अभिषेक, उम्र करीब 26 वर्ष, निवासी नोएडा, उत्तर प्रदेश
- शिवानी सिंह, उम्र करीब 22 वर्ष, निवासी वाराणसी, उत्तर प्रदेश
- प्रिंस राज, उम्र करीब 22 वर्ष, निवासी वाराणसी, उत्तर प्रदेश
फिलहाल पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी में कार के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने की बात सामने आई है।

