चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

तीन दिन बाद खुली टनकपुर-जौलजीबी रोड, शाम 5:20 बजे शुरू हुआ वाहनों का आवागमन

ख़बर शेयर करें -

चंपावत/टनकपुर। नेपाल सीमा से लगी निर्माणाधीन टनकपुर-जौलजीबी (टीजे) रोड आखिरकार तीन दिन बाद शनिवार शाम खुल गई। चरण मंदिर के पास जबर्दस्त भूस्खलन के चलते 27 अगस्त की सुबह से बंद इस मार्ग पर लोक निर्माण विभाग ने भारी मशक्कत के बाद शनिवार शाम यातायात बहाल कर दिया।

भूस्खलन से मलबे में दब गई थी सड़क

चरण मंदिर के पास भारी मात्रा में मलबा आने से टीजे रोड का एक हिस्सा पूरी तरह बंद हो गया था। सड़क पर मलबा आने के कारण कलढुंगा, चूका, सीम, खेत, रणकोची और तल्लादेश समेत कई गांवों का सड़क संपर्क प्रभावित हो गया था।

Ad Ad

मार्ग बंद होने से स्थानीय ग्रामीणों को आवाजाही में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इसके बाद लोनिवि ने सड़क को जल्द खोलने के लिए मौके पर मशीनें लगाईं।

चार मशीनों से हटाया गया मलबा

लोनिवि के सहायक अभियंता लक्ष्मण सिंह सामंत ने बताया कि सड़क से मलबा हटाने के लिए पोकलैन और जेसीबी समेत कुल चार मशीनें लगाई गई थीं। लगातार काम करने के बाद शनिवार शाम करीब 5:20 बजे मलबा हटाकर सड़क पर वाहनों का आवागमन सुचारू कराया जा सका। तीन दिन तक बंद रहने के बाद टीजे रोड खुलने से सीमांत क्षेत्र के ग्रामीणों और यात्रियों को बड़ी राहत मिली है। हालांकि पहाड़ी क्षेत्र में लगातार भूस्खलन के खतरे को देखते हुए मार्ग पर आवाजाही के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत बनी हुई है।