खेलचंपावतटनकपुरनवीनतम

टनकपुर में U-17 महिला फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन, ऑरेंज टीम ने जीता खिताब

ख़बर शेयर करें -

टनकपुर/चम्पावत। राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर खेलो इंडिया साई फुटबॉल सेंटर, स्पोर्ट्स स्टेडियम टनकपुर में बालिका वर्ग (U-17) की एक दिवसीय महिला फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता स्वर्गीय मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित की गई, जिसमें युवा महिला खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

प्रतियोगिता का उद्देश्य बालिका खिलाड़ियों में खेल भावना, अनुशासन, टीमवर्क और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को बढ़ावा देना तथा उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना रहा। खेलो इंडिया फुटबॉल प्रशिक्षक पवनेश पाटनी के निर्देशन में आयोजित टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला ऑरेंज टीम और ग्रीन टीम के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में ऑरेंज टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2-1 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया।

Ad Ad

ऑरेंज टीम की ओर से मनीषा धामी ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए दो निर्णायक गोल किए और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। वहीं, ग्रीन टीम की रितु ने भी बेहतरीन जुझारूपन दिखाते हुए अपनी टीम के लिए एक गोल किया। हालांकि, अंत तक ऑरेंज टीम ने बढ़त बनाए रखी और मुकाबला 2-1 से अपने नाम कर लिया।

आयोजन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार खेलों और खिलाड़ियों को लगातार प्रोत्साहित कर रही है। इससे दूरस्थ और सीमांत क्षेत्रों की प्रतिभाओं को भी आगे बढ़ने तथा राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने के अवसर मिल रहे हैं।

प्रतियोगिता में क्षेत्र के पूर्व खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों की भी मौजूदगी रही। इस दौरान पूर्व खिलाड़ी दीपक पचौली, केशव सिंह भंडारी, राजेंद्र खुरदयाल और नेशनल गेम्स मेडलिस्ट अजय बिष्ट उपस्थित रहे।

इसके अलावा खेल विभाग के स्पोर्ट्स हॉस्टल बॉक्सिंग प्रशिक्षक ललित मोहन कुंवर, बॉक्सिंग प्रशिक्षक सूरज पांडे, हॉकी प्रशिक्षक प्रकाश सिंह, बास्केटबॉल प्रशिक्षक सुभाष पांडे और हीरा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय खेल प्रेमी एवं उदीयमान खिलाड़ी मौजूद रहे।

आयोजकों ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं बालिका खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने के साथ-साथ भविष्य में उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं में राज्य और देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए प्रेरित करेंगी।