टनकपुर-चम्पावत हाईवे पर दर्दनाक हादसा, बाइक से गिरकर 15 वर्षीय छात्र की मौत
टनकपुर/चम्पावत। टनकपुर-चम्पावत राष्ट्रीय राजमार्ग पर श्यामलाताल के पास हुए सड़क हादसे में मझोला निवासी 15 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब युवक अपने रिश्तेदार के साथ बाइक से श्यामलाताल घूमकर वापस मझोला लौट रहा था। बाइक अनियंत्रित होने पर पीछे बैठा युवक सड़क पर गिर गया और गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
श्यामलाताल से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार मझोला निवासी गुफरान अहमद पुत्र नसीम अहमद (15) अपने रिश्तेदार उवैश पुत्र मोहम्मद आसिफ के साथ बाइक संख्या UK 06T 0339 पर सवार होकर श्यामलाताल घूमने गया था।
देर शाम दोनों श्यामलाताल से वापस मझोला स्थित अपने आवास की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान श्यामलाताल से कुछ दूरी पर आठ मील के समीप बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई। बाइक पर पीछे बैठे गुफरान अहमद सड़क पर गिर गया। हादसा इतना गंभीर था कि युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने मृत घोषित किया
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को तत्काल उप जिला चिकित्सालय टनकपुर पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद गुफरान को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हादसे की जानकारी मृतक के परिजनों को दी। शनिवार सुबह पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए पंचनामा और पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
11वीं कक्षा का छात्र था गुफरान
गुफरान के पिता नसीम अहमद ने बताया कि उनका बेटा 11वीं कक्षा में पढ़ता था। वह तीन भाई-बहनों में मझला था। बेटे की अचानक मौत की खबर से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

