टनकपुर : खाटू श्याम बस सेवा पुन: संचालित किए जाने की मांग, व्यापार मंडल ने सीएम को ज्ञापन भेजा
टनकपुर/चम्पावत। नगर उद्योग व्यापार मंडल ने अध्यक्ष वैभव अग्रवाल के नेतृत्व में मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन भेज कर टनकपुर से खाटू श्याम बस सेवा पुनः संचालित किए जाने की मांग उठाई है। कहा गया है कि टनकपुर व्यापार मंडल के आग्रह पर टनकपुर से श्री खाटू श्याम बाबा के लिए बस सेवा को प्रारम्भ किया गया था, परन्तु परिवहन निगम के अधिकारियों ने एसी बस सेवा बगैर पूर्व सूचना के बंद कर दिया गया है। उसके बदले में साधारण बस सेवा (सीएनजी बस) शुरू कर दी गई है, जो आये दिन खराब रहती है। जिससे व्यापारियों तथा क्षेत्र लोगों में गहरा रोष व्याप्त है। खाटू श्याम की दूरी लग्बी होने के कारण वहां पर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है तथा आये दिन बस खराब / रद्ध होने के कारण विभागीय राजस्व में भी नुकसान हो रहा है।

ज्ञापन में मुख्यमंत्री से कहा गया है कि पूर्व ही आदेश द्वारा संचालित एसी बस सेवा को परिवहन निगम के अधिकारियों द्वारा बिना किसी पूर्व सूचना के बन्द कर दिया गया, जिससे ऐसा प्रतीत हो रहा है कि आपकी पाक-साफ छवि आम जनमानस के बीच धूमिल करने की कोशिश की जा रही है। टनकपुर क्षेत्र के समस्त व्यापारी आपसे अनुरोध करते हैं कि एसी बस सेवा को पुनः संचालित किया जाए। इस अवसर पर महामंत्री संजय पांडेय, उपाध्यक्ष अंकित अग्रवाल, कोषाध्यक्ष गिरीश वर्मा आदि मौजूद रहे।

