टनकपुर

टनकपुर: व्यापार मंडल चुनाव में एक प्रत्याशी ने नामांकन वापस लिया, दो पदों पर होगा सीधा मुकाबला

ख़बर शेयर करें -

टनकपुर। नगर व्यापार मंडल के चुनाव में चार पदों के लिए सात प्रत्याशियों ने नामांकन जमा कराए थे। जांच में सभी के नामांकन सही पाए गए। शाम को उपाध्यक्ष पद के एक प्रत्याशी ने नाम वापस ले लिया। अब अध्यक्ष और महामंत्री पद पर आमने-सामने का मुकाबला होगा। उपाध्यक्ष पद पर अंकित अग्रवाल और कोषाध्यक्ष पद पर गिरीश वर्मा का निर्विरोध चुना जाना तय है।

मां पूर्णागिरि धाम के प्रमुख बाजार टनकपुर के नगर व्यापार मंडल के चुनाव की प्रकिया पिछले एक पखवाड़े से चल रही है। मुख्य चुनाव अधिकारी भगवत शरण ने बताया कि 15 फरवरी से नामांकन की प्रक्रिया शुरू हुई थी। रविवार को दिन भर चुनाव अधिकारी नामांकन पत्रों की जांच में जुटे रहे और शाम सात बजे तक नाम वापसी का समय निर्धारित किया गया था। मुख्य चुनाव अधिकारी ने बताया कि जांच के बाद अध्यक्ष पद के लिए वैभव अग्रवाल व मोहित गड़कोटी, उपाध्यक्ष में संजय अग्रवाल व अंकित अग्रवाल, महामंत्री पद के लिए संजय पांडेय व भूपेश चड्ढा और कोषाध्यक्ष पद के लिए गिरीश वर्मा का नामांकन पत्र सही पाया गया। वहीं शाम को उपाध्यक्ष पद के उम्मीदवार संजय अग्रवाल ने अपना नाम वापस ले लिया। जिस कारण अब उपाध्यक्ष पर पर निर्विरोध निर्वाचन तय है। अब 25 फरवरी को मतदान होगा। बताया कि करीब 815 मतदाता हैं।