टनकपुर : पुलिस ने शारदा घाट पर हुई अलग अलग घटनाओं में रेस्क्यू कर डूबने से बचाईं 5 जिंदगियां
टनकपुर/चम्पावत। पूर्णागिरि मेले के दौरान शारदा घाट पर स्नान के दौरान अक्सर श्रद्धालु दुर्घटनावश शारदा नदी में गिर जाते हैं और डूबने लगते हैं। ऐसे में शारदा घाट पर तैनात जल पुलिस के जवान उनके लिए देवदूत साबित होते हैं और उन्हें सुरक्षित बचा लेते हैं। पुलिस कर्मियों ने शुक्रवार को भी अलग अलग हादसों में डूब रहे पांच लोगों की जान बचाई।



शुक्रवार 28 मार्च को मां पूर्णागिरि धाम आए श्रद्धालुओं अर्पित पुत्र उमेश उम्र 7 वर्ष, काजल पुत्री राम रतन उम्र 23 वर्ष निवासी दुर्गागंज काकोरी जिला लखनऊ, उत्तर प्रदेश, बालक राज पुत्र दयाराम सक्सेना उम्र 8 वर्ष, निवासी थाना फरीदपुर, तहसील फरीदपुर, जिला बरेली, उत्तर प्रदेश, प्रिंस सक्सेना पुत्र अमित सक्सेना उम्र 18 वर्ष, निवासी किलेफाटक, बारादरी, जिला बरेली उत्तर प्रदेश एवं आकाश कुमार पुत्र राजू उम्र 25 साल निवासी ग्राम मोइनाखेड़ा थाना कुकोनमोड सी ब्लाक 8 लखनऊ को शारदा घाट एवं शारदा तालाब घाट पर स्नान के दौरान अलग-अलग डूबने की घटनाओं में जल पुलिस एवं बचाव दल ने अदम्य साहस और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए 5 लोगों को सुरक्षित बचा लिया।
टीम की तत्परता और समर्पण ने एक बड़े हादसे को टाल दिया। परिजनों ने पुलिस का धन्यवाद करते हुए भावुक क्षण साझा किए। जनपद पुलिस द्वारा सभी श्रद्धालुओं से अपील की जाती है कि स्नान के दौरान सावधानी बरतें और निर्धारित सुरक्षित स्थानों में ही स्नान करें।

