चंपावतटनकपुरनवीनतम

शारदा कॉरिडोर कार्य में प्रभावित परिवारों के हितों की होगी पूरी सुरक्षा, मुख्यमंत्री के निर्देश पर डीएम ने की बैठक

ख़बर शेयर करें -

टनकपुर/चम्पावत। शारदा घाट क्षेत्र में शारदा कॉरिडोर परियोजना के निर्माण कार्य के दौरान उत्पन्न स्थिति का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि परियोजना के क्रियान्वयन के दौरान स्थानीय नागरिकों के हितों का पूरा ध्यान रखा जाए तथा किसी भी परिवार को अनावश्यक असुविधा या नुकसान न होने पाए।

मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने शुक्रवार को पूर्णागिरि तहसील सभागार में प्रभावित परिवारों, जनप्रतिनिधियों, कार्यदायी संस्था और अन्य संबंधित हितधारकों के साथ बैठक कर सभी पक्षों की बात गंभीरता से सुनी और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

Ad Ad

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि शारदा कॉरिडोर मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी जनहित एवं विकास परियोजनाओं में से एक है, जिसका उद्देश्य क्षेत्र में पर्यटन, रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति देना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देश हैं कि विकास कार्यों के साथ स्थानीय लोगों के अधिकारों, भावनाओं और हितों का भी पूरा सम्मान सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि भविष्य में किसी भी प्रकार की कार्रवाई से पहले प्रशासन को अवगत कराया जाए तथा स्थानीय लोगों को समय रहते सूचना देकर उन्हें विश्वास में लेने के बाद ही कार्य शुरू किया जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्य संवेदनशीलता, पारदर्शिता और आपसी समन्वय के साथ किए जाएं।

बैठक के दौरान ठेकेदार कंपनी के प्रतिनिधियों ने प्रभावित परिवारों से हुई असुविधा पर खेद व्यक्त करते हुए आश्वासन दिया कि निर्माण कार्य के दौरान हुई क्षति की भरपाई की जाएगी तथा आवश्यक मरम्मत और अन्य कार्य शीघ्र पूरे किए जाएंगे।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि सरकार की मंशा विकास और जनहित को साथ लेकर आगे बढ़ने की है। जिला प्रशासन सभी पक्षों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखते हुए शारदा कॉरिडोर परियोजना को आगे बढ़ाएगा, ताकि क्षेत्र के विकास के साथ-साथ स्थानीय लोगों का विश्वास और उनके हित भी पूरी तरह सुरक्षित रहें।

बैठक में विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार, नगर पालिका अध्यक्ष विपिन कुमार वर्मा, शारदा परियोजना के टीम लीडर सत्यजीत राय गुप्ता, प्रोजेक्ट मैनेजर अंकित बंसल, मयंक मित्तल सहित प्रभावित परिवारों और विभिन्न हितधारकों ने भाग लिया।