बनबसा में 4.93 ग्राम स्मैक के साथ एक युवक गिरफ्तार, बाइक भी सीज
बनबसा/चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “ड्रग्स फ्री उत्तराखण्ड” अभियान के तहत चम्पावत पुलिस लगातार नशा तस्करों पर शिकंजा कस रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देश पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बनबसा पुलिस ने एक नेपाली तस्कर को 4.93 ग्राम अवैध हेरोइन (स्मैक) के साथ गिरफ्तार किया है।
16 जुलाई 2026 को क्षेत्राधिकारी टनकपुर निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण में थाना बनबसा प्रभारी सुरेन्द्र सिंह कोरंगा के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस ने शुभम भंडारी उर्फ संदेश भंडारी (22 वर्ष), निवासी भीमदत्त नगर, जिला कंचनपुर (नेपाल) को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 4.93 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल संख्या UK04AS-7447 को भी सीज कर लिया।
इस संबंध में थाना बनबसा में मु.अ.सं. 52/2026 के तहत धारा 8/21/60 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक दीवान सिंह बिष्ट, हेड कांस्टेबल एजाज़ अहमद और कांस्टेबल विक्रम सिंह शामिल रहे। चम्पावत पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

