क्राइमचंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

चम्पावत : बुजुर्ग की हत्या की वजह आई सामने, युवक ने फावड़े से वार कर उतारा था मौत के घाट

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। खेतीखान रोड पर जनपद मुख्यालय से करीब 15 किमी दूर स्थित ग्राम खर्क में शनिवार को हुए बुजुर्ग हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। हत्यारोपी को गिरफ्तार करने के साथ ही आलाकत्ल बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि हत्यारोपी ने बुजुर्ग के मधुमक्खी के छत्ते से शहद चुरा लिया था। जिसकी शिकायत वे अपने बेटे से कर रहे थे। इससे गुस्साए युवक ने उन पर फावड़े से वार कर दिया। जिससे वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई।

मामले का खुलासा करते हुए एसपी अजय गणपति ने बताया कि शनिवर को डीसीआर के माध्यम से कोतवाली चम्पावत पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम खर्क बगड़, ग्राम पंचायत खलकडिया में एक वृद्ध व्यक्ति की हत्या कर दी गई है। जिस पर तत्काल पुलिस बल घटना स्थल को रवाना हुआ मौके पर पहुंचने पर पता चला कि अम्बा दत्त खर्कवाल (उम्र 83 वर्ष) निवासी ग्राम खर्क पो. धामीसीन टनकपुर से अपने घर खर्कबगड़ लौटे थे। उन्हें पता चला कि गांव के युवक सुभाष खर्कवाल ने उनके घर पर लगे मधुमक्खी के छत्ते को तोड़कर शहद निकाल लिया था। जिसके संबंध मे मृतक अम्बादत्त अपने पुत्र संजय खर्कवाल से फोन पर बात कर रहे थे और अपने पुत्र से युवक की शिकायत कर रहे थे। इससे आवेश में आकर सुभाष खर्कवाल ने आंगन में पड़े फावड़े से मृतक के सिर पर वार कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।

बताया कि संजय खर्कवाल की तहरीर के आधार पर कोतवाली चम्पावत में अभियुक्त सुभाष खर्कवाल पुत्र नारायण दत्त खर्कवाल निवासी सनिया खर्क बगड़, ग्राम पंचायत खलकडिया, थाना व जिला चम्पावत, उम्र – 36 वर्ष के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर त्वरित कार्यवाही करते हुए अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त आला कत्ल (फावड़ा) अभियुक्त के खून से सने कपड़े तथा मौके से आवश्यक साक्ष्य संकलन किया गया। मृतक का पंचायतनामा एवं पोस्टमार्टम पैनल डॉक्टरों की टीम द्वारा वीडियोग्राफी के साथ कराया गया। अभियुक्त को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस ​टीम में कोतवाल बीएस बिष्ट, एसएसआई देवनाथ गोस्वामी, एएसआई नरेन्द्र सिंह, हे0का0 राजेश यादव, का0 जगमोहन होमगार्ड, पीसी श्याम सिंह बोरा शामिल रहे।