घाट-पनार सड़क दुर्घटना की होगी मजिस्ट्रेट जांच, जिलाधिकारी ने दिए आदेश
उप जिलाधिकारी लोहाघाट को बनाया जांच अधिकारी, 15 दिन में मांगी विस्तृत जांच आख्या
चम्पावत। जिलाधिकारी एवं जिला मजिस्ट्रेट मनीष कुमार ने एनएच-309ए घाट-पनार रोड, तहसील बाराकोट में वाहन पर पत्थर गिरने से हुई दुर्घटना की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं। दुर्घटना में वाहन में सवार पांच व्यक्तियों में से एक व्यक्ति की मृत्यु हुई है, जबकि चार व्यक्ति घायल हुए हैं।
जनपद आपातकालीन परिचालन केन्द्र, चम्पावत की एटीआर तथा तहसीलदार बाराकोट से प्राप्त दुर्घटना सूचना के अनुसार सोमवार, 07 सितम्बर 2026 को पूर्वाह्न लगभग 11:45 बजे एनएच-309ए घाट-पनार रोड पर वाहन संख्या UK-05-TA-2878 के ऊपर अचानक पत्थर गिरने से वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। वाहन में कुल पांच व्यक्ति सवार थे, जिनमें से एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई तथा चार व्यक्ति घायल हुए। घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला मजिस्ट्रेट मनीष कुमार ने दुर्घटना के कारणों एवं परिस्थितियों की विस्तृत जांच के लिए उप जिलाधिकारी, लोहाघाट को जांच अधिकारी नियुक्त किया है।
जिला मजिस्ट्रेट ने जांच अधिकारी को निर्देशित किया है कि दुर्घटना से संबंधित सभी तथ्यों एवं परिस्थितियों की गहन जांच करते हुए 15 दिन के भीतर जांच पूर्ण कर विस्तृत आख्या जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

