दर्दनाक हादसा : सड़क पर खड़ी अल्टो कार पर गिरा बोल्डर, एक युवक की मौत
घाट-पनार मोटर मार्ग पर मसान देवता मंदिर के पास हुआ हादसा, चार लोग गंभीर घायल
लोहाघाट/चम्पावत। घाट-पनार मोटर मार्ग पर सोमवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया। मसान देवता मंदिर के पास सड़क बंद होने के कारण खड़ी अल्टो कार पर पहाड़ी से अचानक भारी बोल्डर आ गिरा। हादसे में कार सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में एक युवक ने अस्पताल पहुंचने से पहले दम तोड़ दिया, जबकि एक घायल को गंभीर हालत में चम्पावत रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर करीब 12 बजे गंगोलीहाट के टिम्टा गांव से अल्टो कार संख्या यूके-05टीए-2878 पिथौरागढ़ की ओर जा रही थी। घाट-पनार मार्ग पर मसान देवता मंदिर के पास सड़क बंद होने के कारण वाहन को रोककर खड़ा किया गया था। इसी दौरान पहाड़ी से अचानक भारी बोल्डर कार पर जा गिरा। हादसे के समय दो युवक कार के अंदर बैठे थे, जबकि तीन युवक वाहन के बाहर खड़े थे। हादसे में चालक सौरभ कुमार (24) पुत्र नरेंद्र कुमार, संदीप कुमार (35) पुत्र भवानी राम, सुनील कुमार (23) पुत्र आनंद राम, सुभाष चंद्र (44) पुत्र शिवराम और सुजल कुमार (17) पुत्र कृष्ण राम, सभी निवासी टिम्टा, गंभीर रूप से घायल हो गए।



हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों के साथ पुलिस, राजस्व, फायर, एसडीआरएफ और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। टीमों ने रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों को खाई से बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल संदीप कुमार और सुनील कुमार को 108 एंबुलेंस की मदद से उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विराज राठी ने बताया कि संदीप कुमार की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई। वहीं सुनील कुमार के सिर में गंभीर चोट होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे चम्पावत रेफर कर दिया गया। अन्य घायल सौरभ कुमार, सुभाष चंद्र और सुजल कुमार को उपचार के लिए पिथौरागढ़ अस्पताल भेजा गया है। घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर एसडीएम नीतू डांगर भी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। घायलों को खाई से बाहर निकालने में स्थानीय निवासी मदन सिंह सामंत, शमशेर सिंह, मोहन सिंह, महेंद्र सिंह और पंकज तिवारी ने भी सहयोग किया।

