चम्पावत में पेयजल समस्या का होगा स्थायी समाधान, 6 किमी पाइपलाइन बिछाने का काम तेज
15 सितंबर तक पाइपलाइन और सितंबर अंत तक डामरीकरण पूरा करने का लक्ष्य, डीएम ने दिए निर्देश
चम्पावत। जनपद के शहरी क्षेत्रों में लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। उत्तराखंड शहरी क्षेत्र विकास एजेंसी (UUSDA) के अंतर्गत शहरी क्षेत्रों और राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे करीब 6 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई जा रही है। परियोजना पूरी होने के बाद नागरिकों को नियमित और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि पाइपलाइन बिछाने का करीब 30 से 40 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। UUSDA ने 15 सितंबर 2026 तक पाइपलाइन बिछाने का काम पूरा करने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के साथ समन्वय कर कार्य किया जा रहा है।

सितंबर तक डामरीकरण पूरा करने के निर्देश
पाइपलाइन बिछाने के दौरान सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्सों को लेकर भी प्रशासन ने गंभीरता दिखाई है। जिलाधिकारी ने बताया कि वर्षाकाल के कारण फिलहाल डामरीकरण कार्य में दिक्कत आ रही है। बारिश का दौर समाप्त होते ही डामरीकरण का कार्य तेजी से कराया जाएगा। उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्था को सितंबर माह तक डामरीकरण पूरा करने के निर्देश दिए हैं, ताकि लोगों को आवागमन में लंबे समय तक परेशानी न झेलनी पड़े।
जल रिसाव और सड़क की खराबी तत्काल दूर करने के निर्देश
डीएम ने संबंधित कॉन्ट्रैक्टिंग एजेंसी को निर्देश दिए कि वर्षाकाल के दौरान पाइपलाइन निर्माण के कारण होने वाले जल रिसाव, पैचेज और अन्य समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाए। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात व्यवस्था को सुचारू और सुरक्षित बनाए रखने के लिए पर्याप्त साइनेज, आरबीएम तथा रोड़ी-बजरी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। जिलाधिकारी ने बताया कि परियोजना की प्रगति की दोनों संबंधित एजेंसियों के साथ प्रतिदिन शाम समीक्षा की जा रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि निर्धारित समयसीमा में पाइपलाइन और डामरीकरण का काम पूरा कर नागरिकों को हो रही अस्थायी असुविधाओं का समाधान कर लिया जाएगा।
डीएम ने चम्पावतवासियों से विकास कार्य में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि परियोजना पूरी होने के बाद शहरी क्षेत्रों की पेयजल आपूर्ति व्यवस्था अधिक प्रभावी और विश्वसनीय बनाने में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी।

