टनकपुर : हुड्डी नदी का जलस्तर बढ़ने से दूसरी ओर फंसे तीन ग्रामीण, SDRF ने किया सकुशल रेस्क्यू
छीनीगोठ क्षेत्र में पशुओं के लिए चारा लेने गए थे ग्रामीण, तेज बहाव के बीच चलाया गया राहत-बचाव अभियान
टनकपुर/चम्पावत। छीनीगोठ क्षेत्र में पशुओं के लिए चारा लेने गए तीन ग्रामीण अचानक हुड्डी नदी का जलस्तर बढ़ने से नदी के दूसरी ओर फंस गए। तेज बहाव के चलते ग्रामीणों के वापस लौटने का रास्ता बंद हो गया। सूचना मिलते ही प्रशासन ने तत्काल SDRF को अलर्ट किया, जिसके बाद टनकपुर से पहुंची SDRF टीम ने अभियान चलाकर तीनों ग्रामीणों को सकुशल नदी पार कराकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम प्रधान छीनीगोठ ने राजस्व उप निरीक्षक को क्षेत्र में तीन ग्रामीणों के नदी के दूसरी ओर फंसे होने की सूचना दी। सूचना जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के माध्यम से संबंधित टीम तक पहुंचाई गई। इसके बाद SDRF पोस्ट टनकपुर से उप निरीक्षक दीपक चंद्र जोशी के नेतृत्व में टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

बढ़े जलस्तर और तेज बहाव के बीच किया रेस्क्यू
मौके पर पहुंची SDRF टीम ने हुड्डी नदी के बढ़े जलस्तर और तेज बहाव को देखते हुए सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान शुरू किया। टीम ने सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए नदी के दूसरी ओर फंसे तीनों ग्रामीणों को सुरक्षित बाहर निकाला और उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। रेस्क्यू किए गए ग्रामीणों में पार्वती तिवारी (36) पत्नी दीपक तिवारी, मुकेश जोशी (50) पुत्र हरिदत्त जोशी और दीपक तिवारी (40) पुत्र हरिनंदन तिवारी, सभी निवासी छीनीगोठ शामिल हैं।
बारिश को देखते हुए प्रशासन अलर्ट
जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशन में वर्षाकाल के दौरान जिले में आपदा प्रबंधन से जुड़े विभागों और राहत-बचाव टीमों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन की ओर से आपदा संबंधी सूचनाएं मिलने पर संबंधित विभागों के बीच तत्काल समन्वय स्थापित कर आवश्यक राहत एवं बचाव कार्रवाई की जा रही है।
नदी-नालों के पास जाने से बचने की अपील
जिला प्रशासन ने आमजन से बारिश के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। प्रशासन ने कहा है कि नदी-नालों में जलस्तर अचानक बढ़ सकता है, इसलिए तेज बहाव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल जिला प्रशासन अथवा आपदा प्रबंधन केंद्र को सूचना दें।

