टनकपुर : बाटनागाड़ में मलबे के त्वरित निस्तारण को मशीनें तैनात, यातायात सुचारू
टनकपुर/चम्पावत। पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश और जलस्तर बढ़ने के कारण पूर्णागिरि रोड पर बाटनागाड़ क्षेत्र में स्लिप एवं मलबा आने की स्थिति को देखते हुए लोक निर्माण विभाग ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है। जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर मार्ग से मलबे को तत्काल हटाने के लिए क्षेत्र में जेसीबी मशीन तैनात की गई है। मशीनों की तैनाती से सड़क पर आने वाले मलबे को तेजी से हटाया जा रहा है, जिससे यातायात बाधित न हो और आवागमन लगातार सुचारू बना रहे।
लोक निर्माण विभाग चम्पावत के अधिशासी अभियंता हितेश कांडपाल ने बताया है कि विभाग के अंतर्गत आने वाले लगभग सभी मार्ग वर्तमान में यातायात के लिए खुले हैं और आवागमन सामान्य रूप से संचालित हो रहा है। संवेदनशील स्थानों पर पहले से ही जेसीबी मशीनों की तैनाती की गई है।


उन्होंने बताया कि किसी भी स्थान पर मार्ग बाधित होने की स्थिति में विभागीय टीमें तत्काल मौके पर पहुंचकर सड़क को खोलने का कार्य कर रही हैं। विभाग का प्रयास है कि बारिश के दौरान रिस्पांस टाइम को न्यूनतम रखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा जाए। जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग ने आमजन से अपील की है कि वर्षाकाल के दौरान यात्रा करते समय विशेष सतर्कता बरतें और प्रशासन की ओर से जारी आवश्यक दिशा-निर्देशों का पालन करें।

