क्राइमदेहरादूननवीनतम

रूठे दोस्त को मनाने के लिए दोस्तों ने ऐसे मजाक किया, जो उल्टा उनके गले की फांस बन गया, मामला पुलिस तक भी पहुंचा

ख़बर शेयर करें -

ऋषिकेश। दोस्ती में आई खटास के बाद दोस्तों द्वारा किया गया एक मजाक उन्हें भारी पड़ गया। अपने ही दोस्त से कई दिनों तक बातचीत बंद होने पर तीन युवकों ने उसे मनाने के लिए ऐसा तरीका अपनाया, जिसने पूरे मामले को पुलिस तक पहुंचा दिया। दरअसल, दोस्तों ने युवक की तस्वीर के साथ गुमशुदगी के पोस्टर छपवाकर शहर के विभिन्न इलाकों में चस्पा कर दिए और उसे ढूंढ़कर लाने वाले के लिए सिगरेट की डिब्बी इनाम के तौर पर घोषित कर दी। बाद में पोस्टरों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला कोतवाली पहुंच गया।

जानकारी के अनुसार रेलवे रोड क्षेत्र निवासी एक युवक निजी कंपनी में कार्यरत है। कुछ समय पहले किसी बात को लेकर उसकी अपने तीन दोस्तों से कहासुनी हो गई थी। विवाद के बाद युवक ने उनसे बातचीत बंद कर दी और संपर्क भी कम कर दिया। कई दिनों तक बात न होने पर दोस्तों ने उसे मनाने के उद्देश्य से एक अनोखा लेकिन गैर-जिम्मेदाराना मजाक करने की योजना बनाई। युवकों ने अपने दोस्त की तस्वीर के साथ गुमशुदगी के पोस्टर तैयार कराए। पोस्टर में युवक को “लापता” बताते हुए उसे खोजकर लाने वाले के लिए सिगरेट की डिब्बी इनाम के रूप में देने की बात भी लिखी गई। इसके बाद इन पोस्टरों को आईएसबीटी परिसर, आशुतोष नगर समेत शहर के विभिन्न स्थानों की दीवारों पर चस्पा कर दिया गया। इतना ही नहीं, पोस्टर लगाने का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी साझा कर दिया गया, जिससे यह तेजी से वायरल हो गया।

Ad Ad

मामले ने उस समय नया मोड़ ले लिया जब वायरल वीडियो युवक और उसके परिजनों तक पहुंचा। युवक को गुमशुदा घोषित किए जाने और सार्वजनिक रूप से इस तरह प्रचारित किए जाने से परिवार नाराज हो गया। परिजनों ने इसे अनुचित बताते हुए संबंधित युवकों के खिलाफ कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और एक युवक को पूछताछ के लिए कोतवाली बुलाया।
पूछताछ के दौरान युवकों ने बताया कि उनका उद्देश्य किसी प्रकार की गलत सूचना फैलाना नहीं था, बल्कि अपने नाराज दोस्त को मनाने के लिए मजाक के तौर पर यह कदम उठाया गया था। हालांकि पुलिस ने इसे गैर-जिम्मेदाराना हरकत मानते हुए युवकों को कड़ी फटकार लगाई।

प्रभारी निरीक्षक केसी भट्ट ने बताया है कि सभी संबंधित युवकों को कोतवाली बुलाकर चेतावनी दी गई है। साथ ही उनके खिलाफ चालानी कार्रवाई भी की गई है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के मजाक से अनावश्यक भ्रम की स्थिति पैदा हो सकती है और पुलिस का समय भी व्यर्थ होता है। भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए युवकों को सख्त हिदायत दी गई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मनोरंजन या मजाक के नाम पर ऐसे कृत्य न करें, जिनसे किसी व्यक्ति की प्रतिष्ठा प्रभावित हो या कानून-व्यवस्था संबंधी अनावश्यक स्थिति उत्पन्न हो।

Ad