उत्तराखण्डटिहरीनवीनतम

उत्तराखंड के अग्निवीर जवान रोहित सिंह का जम्मू में असमय निधन

ख़बर शेयर करें -

टिहरी गढ़वाल के मेंडू सिंदवालगांव में पसरा मातम, सैन्य सम्मान के साथ होगी अंतिम विदाई

उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जनपद से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां भिलंगना ब्लॉक के मेंडू सिंदवालगांव निवासी अग्निवीर जवान रोहित सिंह (21) का जम्मू में निधन हो गया है। युवा सैनिक के इस तरह असमय दुनिया से चले जाने की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है और पैतृक गांव में मातम पसरा हुआ है।

Ad Ad

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रोहित सिंह भारतीय सेना में अग्निवीर के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे और वर्तमान में जम्मू में तैनात थे। हालांकि, उनके निधन के वास्तविक कारणों को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है और सेना की ओर से आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। जवान रोहित सिंह का पार्थिव शरीर घनसाली पहुंच चुका है। शुक्रवार सुबह पैतृक घाट पर पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस अंतिम विदाई में क्षेत्रभर से भारी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है।

रोहित सिंह अपने परिवार के बड़े पुत्र थे और उनके पिता सुरेन्द्र सिंह वर्तमान में रोजगार के सिलसिले में दुबई में रहते हैं, जो बेटे के निधन की हृदयविदारक सूचना मिलने के बाद तत्काल भारत के लिए रवाना हो गए हैं। रोहित के परिवार में उनकी मां, दादी और छोटा भाई मोहित सिंह हैं, जो कक्षा नौवीं का छात्र है। जवान बेटे के अचानक चले जाने से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और मां व परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस दुख की घड़ी में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और सामाजिक संगठन पीड़ित परिवार को सांत्वना देने उनके घर पहुंच रहे हैं। क्षेत्रवासियों ने रोहित सिंह को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका इस तरह चले जाना क्षेत्र और राज्य के लिए एक अपूरणीय क्षति है। ग्रामीणों ने उनके देशसेवा के प्रति समर्पण को याद करते हुए कहा कि रोहित बेहद मिलनसार व मेहनती युवा थे और उन्होंने सेना में भर्ती होकर पूरे गांव व परिवार का नाम रोशन किया था, उनकी इस असमय मृत्यु ने आज पूरे क्षेत्र को गहरे गम में डुबो दिया है।

Ad