सावधान : देहरादून समेत 7 जिलों में अलर्ट, भारी बारिश की संभावना
देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश ने मौसम में ठंडक बढ़ा दी है। देहरादून व अन्य जिलों में रात भर बारिश होने के चलते लोगों को गर्मी से राहत मिली है। वहीं भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 12 जून को राज्य के कई जिलों में भारी बारिश, तेज अंधड़, आकाशीय बिजली और ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।
पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के सक्रिय होने से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम खराब रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार देहरादून(Dehradun Weather), टिहरी(Tihri Weather), पौड़ी(Porhi Weather), हरिद्वार(Haridwar Weather), नैनीताल(Nanital Weather), ऊधमसिंह नगर(Us Nagar Weather) और चम्पावत(Chmpawat Weather) जिलों में तेज गर्जना के साथ भारी बारिश हो सकती है। इन क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज अंधड़ और झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही आकाशीय बिजली गिरने और अचानक मौसम खराब होने की आशंका भी बनी हुई है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ समेत अन्य पर्वतीय जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि होने की संभावना जताई गई है। वहीं हवाओं की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
मौसम विभाग और राज्य आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। प्रशासन ने खराब मौसम को देखते हुए कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
प्रशासन की प्रमुख सलाह
— खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें।
— पर्वतीय और उच्च हिमालयी क्षेत्रों में ट्रेकिंग गतिविधियों पर अस्थायी रोक लगाई गई है।
— तेज आंधी और बिजली कड़कने के दौरान खुले स्थानों पर न रहें।
— पेड़ों, बिजली के खंभों और कच्चे मकानों के नीचे शरण लेने से बचें।
— नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों के आसपास विशेष सावधानी बरतें।
आईएमडी के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान कई जिलों में मौसम अचानक बदल सकता है। ऐसे में नागरिकों, पर्यटकों और यात्रियों को मौसम की ताजा जानकारी लेते रहने और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।

