जनपद चम्पावत

पर्यटन सचिव ने पंचेश्वर, एबट माउंट व मायावती आश्रम का भ्रमण किया, पर्यटन की संभावनाओं को लेकर जानकारी ली

ख़बर शेयर करें -
पंचेश्वर में पर्यटन व्यवसाइयों से वार्ता करते हुए पर्यटन सचिव दिलीप जावलकर।

चम्पावत। अपने दो दिवसीय भ्रमण के दौरान चम्पावत पहुंचे पर्यटन सचिव दिलीप जावलकर ने दूसरे दिन लोहाघाट के पर्यटन स्थल एबट माउंट, मायावती आश्रम, ग्रोथ सेंटर व ऐंगलिंग के लिए विश्व प्रसिद्ध पंचेश्वर पहुंच कर इन पर्यटन स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय पर्यटन व्यवसाइयों से मुलाकात कर विभिन्न जानकारियां प्राप्त कीं।
लोहाघाट में ग्रोथ सेंटर के निरीक्षण के दौरान पर्यटन सचिव ने लौह उद्योग के क्षेत्र में कार्य कर रहे विभिन्न स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों से विभिन्न जानकारी ली तथा इस उद्योग को बढ़ाए जाने हेतु सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर अन्य को भी प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोहाघाट में लोहे का कार्य बड़े पैमाने पर किया जाता है। इस हेतु अधिक से अधिक स्वयं सहायता समूहों को ग्रोथ सेंटर से जोड़ा जाए।
पर्यटन सचिव द्वारा लोहाघाट के अद्वैत आश्रम मायावती पंहुचकर आश्रम की खूबसूरती को निहारते हुए जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि लोहाघाट की गोद में बसा आश्रम एक रमणीक स्थान है। यह पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करता है। इससे पर्यटकों को आकर्षित कर पर्यटन के क्षेत्र में बढ़ावा मिलेगा। पर्यटन सचिव ने विश्व प्रसिद्ध प्रस्तावित एंग्लिंग सेंटर पंचेश्वर साइट का भी भ्रमण कर इस क्षेत्र में कार्य कर रहे पर्यटन व्यवसासियों के साथ बैठक कर जानकारी ली गई।
पंचेश्वर क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान पर्यटन सचिव ने कहा कि यह क्षेत्र महाशीर व गोल्डन महाशीर मछली के लिए प्रसिद्ध है और अंतरराष्ट्रीय एंगलर्स यहां पर आते हैं। यह उत्तराखंड के पर्यटन के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण स्थल है। यह विश्व का महत्वपूर्ण क्षेत्र माना जाता है। उन्होंने कहा कि एंग्लिंग में विश्व में बड़े नामचीन ऐंगलर का सपना होता हैं कि वह पंचेश्वर आकर महाशीर मछली को पकड़ें फिर नदी में ही छोड़ें। उन्होंने कहा कि महाशीर की दृष्टि से इस क्षेत्र को और अधिक विकसित किए जाने हेतु कार्य किया जाएगा। जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त हो और उनकी आर्थिकी मजबूत हो। अंतराष्ट्रीय मछुआरों को यहां छोटे-छोटे कैंप लगाने के साथ ही पोचिंग की समस्या को रोकने के निर्देश उन्होंने दिए।
इस दौरान जिला पर्यटन अधिकारी अरविंद गौड़ समेत स्थानीय पर्यटन व्यवसाई व अन्य उपस्थित रहे।

Ad