उत्तरकाशीनवीनतमहादसा

मेले से लौट रहे ग्रामीणों का बोलेरो कैंपर 200 मीटर गहरी खाई में गिरा, एक की मौत; 11 घायल

ख़बर शेयर करें -

मूसलाधार बारिश के बीच हुआ हादसा, 9 घायलों को हायर सेंटर किया गया रेफर

उत्तरकाशी। मोरी विकासखंड की फतेहपर्वत पट्टी में मंगलवार शाम बड़ा सड़क हादसा हो गया। खन्यासणी-पुजेली मोटर मार्ग पर एक बोलेरो कैंपर वाहन अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने अपनी जान जोखिम में डालकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया और खाई में फंसे सभी घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोरी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद 9 गंभीर घायलों को हायर सेंटर देहरादून रेफर कर दिया गया।

Ad Ad

जागड़ा मेले से लौटते समय हुआ हादसा। पुलिस के मुताबिक हड़वाड़ी गांव के ग्रामीण खन्यासणी में आयोजित जागड़ा मेले में शामिल होने गए थे। मंगलवार शाम मेले से वापस लौटते समय खन्यासणी और पुजेली गांव के बीच वाहन संख्या UK 07 C 5821 अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के समय वाहन में चालक समेत 12 लोग सवार थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे लोगों को खाई से बाहर निकाला गया। देर शाम करीब सात बजे सभी घायलों को सीएचसी मोरी पहुंचाया गया।

हादसे में उपेंद्र सिंह (52) पुत्र बेगा सिंह, निवासी हड़वाड़ी, मोरी की मौत हुई है। घायलों में मस्तू (45), अरविंद्र सिंह (23), रमेश (40), राधा (28), साइकिलू (35), जगमोहन (50), शिशपाली (32), माधी देवी (35), वाहन चालक अनिल, केदार (60) और योगेश शामिल हैं। इनमें तीन महिलाएं भी हैं। ग्रामीणों के अनुसार हादसे के समय क्षेत्र में मूसलाधार बारिश हो रही थी। दूरसंचार सेवाएं बाधित होने के कारण प्रशासन को हादसे की सूचना मिलने में भी देरी हुई। सूचना के बाद मोरी पुलिस और राजस्व विभाग की टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी। ग्रामीणों ने खन्यासणी-पुजेली मोटर मार्ग की बदहाल स्थिति पर भी नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और बारिश के दौरान फिसलन के कारण मार्ग पर सफर बेहद जोखिम भरा हो गया है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने के साथ ही दुर्घटना संभावित स्थानों पर सुरक्षा इंतजाम दुरुस्त करने की मांग की है।