चम्पावत के ग्राम वैला में दर्दनाक हादसा, स्कूटी रपटने से महिला की मौत
पति गंभीर रूप से घायल, जिला अस्पताल में चल रहा उपचार; खटोली से मछियाड़ जाते समय हुआ हादसा
चम्पावत। जनपद चम्पावत की तहसील चम्पावत के अंतर्गत ग्राम वैला में मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। खटोली से मछियाड़ की ओर जा रही एक स्कूटी अचानक रपटकर सड़क किनारे बने स्कवर में जा गिरी। हादसे में स्कूटी सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्घटना 8 सितंबर 2026 की शाम करीब 6:10 बजे ग्राम वैला के समीप हुई। स्कूटी संख्या DL45DV0396 पर पति-पत्नी सवार होकर खटोली से मछियाड़ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान स्कूटी अचानक अनियंत्रित होकर रपट गई और सड़क किनारे बने स्कवर में जा गिरी।
महिला की मौके पर मौत
हादसे में मंजू देवी (30 वर्ष), पत्नी रहीश सिंह भण्डारी, निवासी ग्राम मछियाड़, तहसील पाटी, जनपद चम्पावत की मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही राजस्व उप निरीक्षक वैला और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा आवश्यक कार्रवाई शुरू की। मृतका के शव को पोस्टमार्टम और पंचनामा सहित अन्य आवश्यक कानूनी औपचारिकताओं के लिए मोर्चरी चम्पावत भेज दिया गया है। दुर्घटना में स्कूटी चालक रहीश सिंह भण्डारी (35 वर्ष), पुत्र बद्री सिंह भण्डारी घायल हो गए। हादसे के बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए जिला चिकित्सालय चम्पावत लाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। एक ही परिवार के पति-पत्नी के साथ हुए इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। प्रशासन द्वारा दुर्घटना से संबंधित आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

