बेकाबू हुआ वाहन 200 मीटर गहरी खाई में समाया, दो की मौत; युवक गंभीर घायल
छेनागाड़ के पास मथ्यागांव में दर्दनाक हादसा, एक युवक गंभीर घायल; SDRF-DDRF ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। छेनागाड़ से करीब दो किलोमीटर आगे मथ्यागांव के पास एक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 200 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के समय वाहन में तीन लोग सवार थे। दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतकों की पहचान मोहन सिंह (65) पुत्र भाग सिंह और विनोद सिंह (42) पुत्र दरमान सिंह के रूप में हुई है। वहीं रोहित (26) पुत्र जगत सिंह हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
सुबह 8:20 बजे मिली दुर्घटना की सूचना
जिला आपदा कंट्रोल रूम को मंगलवार सुबह करीब 8:20 बजे वाहन दुर्घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीमें आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुईं। दुर्घटनास्थल सड़क से करीब 200 मीटर नीचे होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण रहा। खाई तक पहुंचने का रास्ता पथरीला और बेहद कठिन था। रेस्क्यू टीम के जवानों ने सावधानीपूर्वक खाई में उतरकर दुर्घटनाग्रस्त वाहन तक पहुंच बनाई।

कड़ी मशक्कत के बाद तीनों को निकाला बाहर
रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद तीनों लोगों को खाई से बाहर निकाला। टीम को रोहित घायल अवस्था में मिले, जबकि मोहन सिंह और विनोद सिंह की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। घायल रोहित को प्राथमिक उपचार देने के बाद तत्काल अस्पताल भेजा गया। वहीं दोनों मृतकों के शवों को खाई से निकालकर पुलिस के सुपुर्द किया गया।
हादसे के कारणों की जांच शुरू
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार के अनुसार, वाहन में रोहित, मोहन सिंह और विनोद सिंह सवार थे। फिलहाल वाहन के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। हादसे में दो लोगों की मौत और एक युवक के गंभीर रूप से घायल होने की घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है। मृतकों के परिवारों में भी मातम पसरा हुआ है।

